अनमोल टेलीकॉम में भीषण आग, एक करोड़ का सामान राख
रात दो बजे शोरूम धधका, दमकल की तीन गाड़ियों ने एक घंटे में पाया काबू; नुकसान देखकर मालिक बेहोश
मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र के गगोल रोड स्थित अनमोल टेलीकॉम शोरूम में सोमवार देर रात भीषण आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने पूरे शोरूम को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना पर दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग में शोरूम में रखा करीब एक करोड़ रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
शोरूम मालिक सुशील रात में दुकान बंद कर घर चले गए थे। रात करीब दो बजे आसपास के लोगों ने शोरूम से धुआं और आग की लपटें निकलती देखीं। उन्होंने तत्काल सुशील और दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल की गाड़ियां पहुंचने तक आग काफी विकराल हो चुकी थी। आग बुझाने के बाद जब शोरूम के अंदर का मंजर सामने आया तो अधिकांश सामान पूरी तरह जल चुका था।
कूलर, एसी और वॉशिंग मशीन समेत सामान खाक
अनमोल टेलीकॉम शोरूम में कूलर, वॉशिंग मशीन, एसी, एलसीडी, मोबाइल और घरेलू उपयोग का अन्य सामान फाइनेंस पर उपलब्ध कराया जाता था। आग की चपेट में आने से शोरूम में रखा अधिकांश सामान नष्ट हो गया। कारोबारी के अनुसार नुकसान करीब एक करोड़ रुपये का है।
नुकसान देखा तो सदमे में बेहोश हुए मालिक
आग की सूचना मिलने पर सुशील मौके पर पहुंचे। शोरूम के अंदर जला हुआ सामान देखकर वह सदमे में बेहोश होकर गिर पड़े। परिजनों और आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें संभाला। घटना के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।
भाई ने दमकल पर लगाया देरी का आरोप
सुशील के भाई विशाल ने आरोप लगाया कि दमकल विभाग को आग की सूचना तत्काल दे दी गई थी, लेकिन दमकल की गाड़ी करीब एक घंटे बाद पहुंची। उनका कहना है कि यदि दमकल टीम समय पर पहुंच जाती तो आग पर जल्द काबू पाया जा सकता था और नुकसान कम हो सकता था।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि दमकल विभाग के अधिकारी आग के वास्तविक कारण और नुकसान का आकलन करने में जुटे हैं।

No comments:
Post a Comment