दहेज में मिली क्रेटा को पति ने होटल पार्किंग में फूंका
खज्जियार के होटल में नवविवाहित दंपति के बीच कार को लेकर हुआ विवाद, आग लगते ही मचा हड़कंप; आरोपी पति फरार
चंबा। हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खज्जियार में मंगलवार देर रात एक निजी होटल की पार्किंग में खड़ी क्रेटा कार में आग लगा दी गई। कार दहेज में मिली थी और होटल में ठहरे नवविवाहित दंपति के बीच इसे लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पति ने ज्वलनशील पदार्थ डालकर कार में आग लगा दी।
आग की लपटें उठते ही होटल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। होटल स्टाफ और आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन कुछ ही देर में कार पूरी तरह जलकर राख हो गई। गनीमत रही कि आसपास कोई दूसरा वाहन खड़ा नहीं था, जिससे आग फैलने से बच गई।
जानकारी के अनुसार लुधियाना निवासी नवविवाहित दंपति कुछ रिश्तेदारों के साथ होटल में ठहरा था। कार को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी। आरोप है कि इसके बाद पति ने पार्किंग में खड़ी कार को आग के हवाले कर दिया। हालांकि आग लगाने की वास्तविक वजह और पूरे घटनाक्रम की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।
पत्नी और रिश्तेदारों से पूछताछ
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने होटल में मौजूद पत्नी और अन्य रिश्तेदारों से पूछताछ की है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। पुलिस विवाद, आग लगाने के आरोप और आरोपी के फरार होने समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

No comments:
Post a Comment