बलरामपुर में हादसा, अफसर और उनकी मां की मौत
पत्नी गंभीर, ट्रक से भिड़ी कार फिर बोलेरो से टकराई
बलरामपुर (एजेंसी)।बलरामपुर में बुधवार सुबह भीषण सड़क हादसे में मां-बेटे की मौत हो गई। स्विफ्ट डिजायर पहले ट्रक से टकराई और इसके बाद सड़क पर जा रही बोलेरो से भिड़ गई। हादसे में कार सवार श्याम नारायण (45) और उनकी मां कैलाशी देवी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि श्याम नारायण की पत्नी वंदना (40) गंभीर घायल हो गईं। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे हैं।
हादसा जिला मुख्यालय से करीब 30 किमी दूर बलरामपुर-तुलसीपुर मार्ग पर मेवालाल पुलिस चौकी के पास हुआ। श्याम नारायण तुलसीपुर चीनी मिल में केन मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। वह मां की डायलिसिस कराने पत्नी के साथ स्विफ्ट डिजायर से लखनऊ जा रहे थे।
तुलसीपुर चीनी मिल कॉलोनी निवासी श्यामनारायण के परिवार में पत्नी वंदना और 16 वर्षीय बेटा सत्यम है। सत्यम लखनऊ में 11वीं कक्षा में पढ़ता है। बुधवार सुबह करीब 7 बजे श्यामनारायण खुद कार चला रहे थे। उनके साथ मां कैलाशी देवी और पत्नी वंदना भी थीं।
बताया गया कि बलरामपुर-तुलसीपुर मार्ग पर बालाजी गैस सर्विस के पास अचानक स्विफ्ट डिजायर अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर के बाद कार सड़क पर जा रही बोलेरो से भी भिड़ गई। तीनों वाहनों की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि श्यामनारायण और उनकी मां ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि संभवत: श्याम नारायण को झपकी आने के कारण कार अनियंत्रित हुई। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। गंभीर रूप से घायल वंदना को डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया है।
हादसे के बाद बलरामपुर-तुलसीपुर मार्ग पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर रास्ता साफ कराया। एक ही परिवार में मां-बेटे की मौत और बहू के गंभीर घायल होने से परिवार में कोहराम मचा है।


No comments:
Post a Comment