डर, बदला और रहस्य से भरा 'हैवान' का ट्रेलर रिलीज
मुंबई । अक्षय कुमार और सैफ अली खान लंबे समय बाद एक साथ पर्दे पर नजर आने वाले हैं। उनकी आने वाली फिल्म 'हैवान' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। इसका निर्देशन प्रियदर्शन कर रहे हैं। फिल्म का ट्रेलर शुरू से आखिर तक सस्पेंस, डर और बदले से भरा हुआ है। इसमें अक्षय कुमार खतरनाक अंदाज में नजर आ रहे हैं, जबकि सैफ अली खान एक ऐसे किरदार में हैं, जो देख नहीं सकता, लेकिन अपनी समझ और हिम्मत के दम पर खूंखार दुश्मन का सामना करता है।
ट्रेलर ने फिल्म की कहानी को लेकर कई सवाल खड़े किए हैं, जिससे दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है। करीब 2 मिनट 34 सेकंड के ट्रेलर की शुरुआत ही एक डरावने माहौल से होती है। शहर में एक अजीब तरह का डर फैला हुआ दिखाई देता है। लोगों के बीच किसी ऐसे शख्स को लेकर दहशत है जो लगातार वारदात कर रहा है। ट्रेलर में कई ऐसे सीन्स आते हैं, जिनसे पता चलता है कि इसके पीछे कोई बड़ी और पुरानी कहानी भी छिपी हो सकती है। जैसे-जैसे ट्रेलर आगे बढ़ता है, कहानी का रहस्य और गहरा होता जाता है। इसके बाद सैफ अली खान के किरदार की एंट्री होती है। सैफ एक ऐसे व्यक्ति की भूमिका निभा रहे हैं, जिसकी आंखों की रोशनी नहीं है। इसके बावजूद, उनका किरदार कमजोर नजर नहीं आता।
ट्रेलर का सबसे बड़ा मोड़ तब आता है जब अक्षय कुमार की एंट्री होती है। अक्षय इस बार अपने आम हीरो वाले अंदाज से बिल्कुल अलग दिखाई दे रहे हैं। उनके किरदार में डर और खूंखार पना हैं। वह कई जगह बेहद आक्रामक दिखाई देते हैं।


No comments:
Post a Comment