हिंदुस्तान प्लाईवुड फैक्टरी पर सीबीआईसी का छापा

दस्तावेजों और कारोबारी अभिलेखों की जांच शुरू, फैक्टरी मालिक के आवास पर भी पहुंची टीम

सीतापुर (एजेंसी)। तंबौर कस्बा निवासी इसराइल की हिंदुस्तान प्लाईवुड फैक्टरी पर मंगलवार को भारत सरकार के अधीन केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) की टीम ने छापा मारा। बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी फैक्टरी परिसर में पहुंचे। टीम के साथ करीब 15 वाहन बताए जा रहे हैं, जिनमें कुछ पर भारत सरकार लिखा हुआ है।

फैक्टरी परिसर में पहुंचते ही टीम ने दस्तावेजों और अन्य अभिलेखों की जांच शुरू कर दी। अधिकारियों ने फैक्टरी में मौजूद कागजात, कारोबार से संबंधित रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों को खंगाला। अचानक हुई कार्रवाई से फैक्टरी कर्मचारियों के साथ आसपास के लोगों में भी हड़कंप मच गया।

आवास पर भी कार्रवाई

सूत्रों के अनुसार, सीबीआईसी की टीम ने फैक्टरी के साथ इसराइल के आवास पर भी कार्रवाई की। आवास के बाहर भी कई सरकारी वाहन खड़े देखे गए। हालांकि, छापे की वजह और जांच के दायरे को लेकर अधिकारियों की ओर से अभी कोई आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

कार्रवाई की सूचना पर फैक्टरी और आवास के आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोग छापे को लेकर तरह-तरह के कयास लगाते रहे। अधिकारियों की जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई की वास्तविक वजह, किसी दस्तावेज या अन्य सामग्री की बरामदगी तथा जांच से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts