एशियन गेम्स की ओपनिंग सेरेमनी में मनु-सहरावत ने थामा तिरंगा
मार्च पास्ट में 45 देशों के खिलाड़ी शामिल, नागोया के पालोमा मिजुहो स्टेडियम में भव्य उद्घाटन; क्रिकेट और टेकबॉल के मुकाबले पहले ही शुरू
नागोया। 20वें एशियन गेम्स की ओपनिंग सेरेमनी शुक्रवार रात जापान के नागोया स्थित पालोमा मिजुहो स्टेडियम में हुई। भारतीय दल की अगुआई ओलंपिक पदक विजेता निशानेबाज मनु भाकर और सीनियर कबड्डी खिलाड़ी पवन सहरावत ने तिरंगा थामकर की।
समारोह की शुरुआत जापानी संगीतकार तारो हाकासे की वायलिन प्रस्तुति से हुई। इसके बाद अभिनेत्री कीको टोडा ने जापान का राष्ट्रगान गाया। जापानी कलाकारों और बॉय बैंड INI ने भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
मार्च पास्ट में 45 देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। अफगानिस्तान के दल की एंट्री के साथ परेड शुरू हुई, जबकि भारत का दल 10वें नंबर पर स्टेडियम में पहुंचा। मेजबान जापान के दल की एंट्री के साथ मार्च पास्ट का समापन हुआ।
समारोह के दौरान ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (OCA) के अध्यक्ष शेख जुआन बिन हमद अल थानी ने खिलाड़ियों और दर्शकों को संबोधित किया। स्टेडियम में जापान के सम्राट नारुहितो, सम्राज्ञी मासाको समेत कई प्रमुख अतिथि मौजूद रहे।
एशियन गेम्स के कुछ मुकाबले उद्घाटन समारोह से पहले ही शुरू हो चुके हैं। क्रिकेट और टेकबॉल के मैच खेले जा रहे हैं। वहीं, भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा चोट के कारण इस बार एशियन गेम्स में हिस्सा नहीं ले रहे हैं। उन्होंने भारतीय दल को शुभकामनाएं दी हैं।

No comments:
Post a Comment