बेलगावी में भीषण अग्निकांड, एक ही परिवार के चार लोगों की मौत

फ्रिज में धमाके के बाद घर में लगी आग, दो लोग गंभीर रूप से झुलसे; पुलिस ने शुरू की जांच

बेलगावी। कर्नाटक के बेलगावी शहर में सोमवार देर रात भीषण अग्निकांड में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना चवहत गली इलाके की है।

जानकारी के अनुसार, परिवार के सदस्य रात में घर के अंदर मौजूद थे। इसी दौरान घर में रखे फ्रिज में अचानक धमाका हुआ और उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में मौजूद लोगों को बाहर निकलने का पर्याप्त मौका नहीं मिल सका।

हादसे में गजानन डमोने (65), रोशन डमोने (21), शारदा डमोने (45) और भारती राडमोने (50) की मौत हो गई। वहीं प्रिया डमोने (28) और गंगा डमोने (25) गंभीर रूप से झुलस गईं। दोनों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

दमकल ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद मकान के अंदर तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें चार लोगों के शव बरामद हुए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्रारंभिक जानकारी में फ्रिज में धमाके के बाद आग लगने की बात सामने आई है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारण और फ्रिज में धमाके की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts