होमगार्ड भर्ती की दौड़ में अभ्यर्थी की मौत, नौ की हालत बिगड़ी
कैलाश प्रकाश स्टेडियम में पीईटी के दौरान मचा हड़कंप, शामली के अभ्यर्थी ने मेडिकल कॉलेज में तोड़ा दम
मेरठ। प्रदेश में 41,424 होमगार्ड पदों पर भर्ती के लिए मंगलवार से शुरू हुई शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) के दौरान मेरठ में बड़ा हादसा हो गया। कैलाश प्रकाश स्टेडियम में दौड़ के दौरान कई अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ गई। गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाए गए शामली निवासी एक अभ्यर्थी की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि नौ अन्य अभ्यर्थियों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
दौड़ के दौरान एक के बाद एक अभ्यर्थियों की हालत बिगड़ने से भर्ती स्थल पर अफरातफरी मच गई। स्वास्थ्यकर्मियों और पुलिसकर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभाला और बीमार अभ्यर्थियों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा। मृतक अभ्यर्थी के साथी की भी हालत बिगड़ने की सूचना है, जिसका उपचार चल रहा है।
इंजेक्शन लगाने की चर्चा, आधिकारिक पुष्टि नहीं
भर्ती प्रक्रिया के दौरान कुछ अभ्यर्थियों द्वारा शारीरिक क्षमता बढ़ाने के लिए इंजेक्शन का इस्तेमाल किए जाने की आशंका भी जताई गई है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ने के वास्तविक कारण का पता मेडिकल जांच और चिकित्सकीय रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पुलिस और मेडिकल टीम रही तैनात
घटना की सूचना मिलते ही भर्ती स्थल पर स्वास्थ्य और पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ा दी गई। एसपी सिटी विनायक भोसले ने बताया कि होमगार्ड भर्ती के नोडल अधिकारी एसपी क्राइम अविनाश कुमार हैं। भर्ती प्रक्रिया जारी है और अभ्यर्थियों की सुरक्षा एवं देखभाल के लिए मेडिकल थाना पुलिस को तैनात किया गया है। संबंधित अभ्यर्थियों के स्वजन को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।

No comments:
Post a Comment