आ रहे नंदलाल, कृष्णमय हुआ देश
बरसात के बीच मथुरा-वृंदावन में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, मंदिरों से बाजारों तक गूंजे जय श्रीकृष्ण के जयकारे
मथुरा। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर शुक्रवार को देशभर में भक्ति और उल्लास का माहौल रहा। श्रीकृष्ण की जन्मभूमि मथुरा में बारिश भी श्रद्धालुओं की आस्था नहीं डिगा सकी। शाम को हुई बारिश के बाद कुछ देर के लिए भक्तों को परेशानी हुई, लेकिन बारिश थमते ही मंदिरों की ओर फिर श्रद्धालुओं का रेला उमड़ पड़ा। श्रीकृष्ण जन्मभूमि के दर्शन के लिए देर शाम तक लंबी कतारें लगी रहीं।
मथुरा की सड़कों और बाजारों में देर शाम तक श्रद्धालुओं की भीड़ रही। भूतेश्वर चौराहा, जन्मभूमि लिंक रोड, भरतपुर गेट, गोविंद नगर तिराहा और महाविद्या कॉलोनी के आसपास यातायात प्रभावित रहा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और यातायात कर्मियों की तैनाती की गई।
वृंदावन के श्री बांके बिहारी मंदिर में मध्यरात्रि होने वाले नंदलाल के जन्मोत्सव की विशेष तैयारियां की गईं। मंदिरों से लेकर घरों तक आकर्षक सजावट की गई है। रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजे मंदिरों में भक्त कान्हा के जन्म की घड़ी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
मथुरा में आयोजित ‘कृष्ण उत्सव 2026’ के तहत शहर में 27 मंचों पर लोक नृत्य, संगीत और पारंपरिक प्रस्तुतियां हुईं। गलियों में ‘राधे-राधे’ और ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयकारे गूंजते रहे। पूरा ब्रज कृष्ण भक्ति में सराबोर नजर आया। कुछ ही देर में मध्यरात्रि में नंदलाल के जन्म के साथ मंदिरों में शंख-घंटों की गूंज और जयकारों से वातावरण भक्तिमय होने की तैयारी है।
आगरा में 21 किलो का केक अर्पित
आगरा में भगवान श्रीकृष्ण को 21 किलो का विशेष केक अर्पित किया गया। मध्यरात्रि में पंचामृत, केसर और जड़ी-बूटियों से अभिषेक के बाद भगवान को बाल स्वरूप में सजाया गया। ब्रज क्षेत्र के मंदिरों में जन्मोत्सव को लेकर विशेष अनुष्ठान और धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं।


No comments:
Post a Comment