गोवा में केजरीवाल का बड़ा दांव, BJP-कांग्रेस के खिलाफ बना ‘गोवा फर्स्ट’ गठबंधन

आम आदमी पार्टी और गोवा फॉरवर्ड पार्टी ने मिलाया हाथ, केजरीवाल बोले- जनता को देंगे ‘तीसरा विकल्प’; अपने दम पर सरकार बनाने का किया दावा

पणजी। गोवा विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) और गोवा फॉरवर्ड पार्टी (GFP) ने हाथ मिला लिया है। आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दोनों दलों के नए गठबंधन ‘गोवा फर्स्ट’ का ऐलान किया। गठबंधन को बीजेपी और कांग्रेस के मुकाबले गोवा की जनता के सामने एक नए राजनीतिक विकल्प के तौर पर पेश किया गया है।

केजरीवाल ने कहा कि गोवा के लोग लंबे समय से बीजेपी और कांग्रेस के बीच विकल्प तलाश रहे हैं। उनका आरोप है कि चुनाव के दौरान दोनों दल एक-दूसरे के खिलाफ नजर आते हैं, लेकिन सरकार बनाने के समय उनके बीच समझौते हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि ‘गोवा फर्स्ट’ का उद्देश्य गोवा की जनता को ऐसा विकल्प देना है, जो उनके हितों के प्रति जवाबदेह और ईमानदार हो।

‘दो बार धोखा खा चुके, तीसरी बार नहीं खाएंगे’

केजरीवाल ने बीजेपी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि गोवा की जनता को दोनों दलों से धोखा मिला है और अब वह तीसरी बार उसी स्थिति में नहीं जाएगी। उन्होंने दावा किया कि गठबंधन चुनाव जीतकर अपने दम पर सरकार बनाएगा

उन्होंने गोवा सरकार पर भी हमला बोला। केजरीवाल ने कहा कि सरकार में बड़ी संख्या में पूर्व कांग्रेसी नेताओं की मौजूदगी सवाल खड़े करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की प्राथमिकता ‘गोवा फर्स्ट’ के बजाय ‘पॉकेट फर्स्ट’ हो गई है।

GFP के पास एक विधायक, AAP के दो विधायक

गोवा फॉरवर्ड पार्टी के नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री विजय सरदेसाई हैं। 40 सदस्यीय गोवा विधानसभा में फिलहाल पार्टी का एक विधायक है। वहीं आम आदमी पार्टी के दो विधायक—बेनौलिम से वेंजी विएगास और वेलिम से क्रूज सिल्वा—विधानसभा में प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

गठबंधन के ऐलान के साथ ही आगामी गोवा विधानसभा चुनाव में मुकाबला और दिलचस्प होने के आसार हैं। ‘गोवा फर्स्ट’ अब बीजेपी और कांग्रेस के सामने तीसरे राजनीतिक विकल्प के रूप में अपनी जगह बनाने की कोशिश करेगा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts