अस्पताल के बाहर युवक को घेरकर पीटा, तमंचे की बट से किया हमला; 65,600 रुपये लूटने का आरोप
मेरठ। नौचंदी थाना क्षेत्र में अस्पताल में भर्ती रिश्तेदार को देखने पहुंचे युवक के साथ मारपीट और लूट का मामला सामने आया है। आरोप है कि दबंगों ने युवक को घेरकर तमंचे की बट से हमला किया और उसकी जेब में रखे 65,600 रुपये लूट लिए। घायल युवक जान बचाने के लिए अस्पताल के अंदर भागा तो आरोपी वहां भी पहुंच गए और उसके साथ मारपीट की। शोर सुनकर अस्पताल कर्मचारी और आसपास के लोग जुटे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
पुलिस ने घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा है। मामले में पीड़ित के भाई ने नौचंदी थाने में तहरीर दी है।
रिश्तेदार को देखने गया था अस्पताल
ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र की फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी शौकीन ने पुलिस को बताया कि उसका भाई शाहिद 8 सितंबर की रात करीब 11 बजे गढ़ रोड स्थित अंजली अस्पताल में भर्ती अपने बीमार रिश्तेदार वकील को देखने गया था।
आरोप है कि शाहिद के अस्पताल के बाहर पहुंचते ही समीर और फैसल निवासी बाबू डेयरी, हापुड़ अड्डा, लिसाड़ी गेट अपने दो अज्ञात साथियों के साथ वहां आ गए। आरोपियों ने शाहिद को घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
तमंचे की बट से हमला कर रुपये छीने
तहरीर के मुताबिक, हमलावरों ने शाहिद पर तमंचे की बट से हमला किया, जिससे वह घायल हो गया। इसी दौरान आरोपियों ने उसकी जेब में रखे 65,600 रुपये छीन लिए।
हमले से बचने के लिए शाहिद अस्पताल के अंदर भागा, लेकिन आरोपी उसका पीछा करते हुए अस्पताल के अंदर भी पहुंच गए। वहां भी उसके साथ मारपीट की गई। शोर सुनकर अस्पताल के कर्मचारी और आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
पीड़ित के भाई का दावा है कि घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है।
पुरानी रंजिश में हमला करने का आरोप
शौकीन ने पुलिस को दी तहरीर में हमले के पीछे पुरानी रंजिश का आरोप लगाया है। उसके मुताबिक, आरोपियों का उसके मामा अल्ताफ से न्यायालय में विवाद चल रहा है। इसी विवाद के चलते आरोपी उसके भाई शाहिद से रंजिश रखते हैं और इसी कारण उस पर हमला किया गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शाहिद को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित पक्ष ने मेडिकल परीक्षण कराने के साथ आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
नौचंदी थाना प्रभारी अनूप कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


No comments:
Post a Comment