पांच वाहनों को रौंदते हुए होटल में घुसी बस, चूल्हे से लगी आग; 50 से ज्यादा घायल

शमशाबाद में बेंगलुरु-हैदराबाद हाईवे पर हादसा; कंटेनर के बिजली पोल से टकराने के बाद मची अफरातफरी, बस चालक समेत दो की हालत गंभीर

रंगा रेड्डी। तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले में सोमवार को बेंगलुरु-हैदराबाद नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। शमशाबाद के पास एक कंटेनर ट्रक के बिजली के खंभे से टकराने के बाद पीछे आ रही यात्री बस भी उसी पोल से जा भिड़ी। अनियंत्रित बस ने कई वाहनों को टक्कर मारने के बाद सड़क किनारे बने होटल और पान की दुकान को चपेट में ले लिया। हादसे के दौरान होटल में जल रहे चूल्हे से आग लग गई।

स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया। हादसे में 50 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। इनमें बस चालक समेत दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को अलग-अलग निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

एक के बाद एक वाहनों को मारी टक्कर

जानकारी के मुताबिक, हैदराबाद से बेंगलुरु जा रहा कंटेनर ट्रक शमशाबाद के पास डिवाइडर पर लगे बिजली के पोल से टकरा गया। इसके कुछ ही देर बाद सेवन हिल्स प्राइवेट ट्रैवल्स की बस भी उसी पोल से टकरा गई।

टक्कर के बाद बस बेकाबू हो गई और सड़क किनारे खड़ी मारुति अर्टिगा, मारुति ओमनी, मारुति स्विफ्ट और एक मोटरसाइकिल को टक्कर मारते हुए बालाजी भवन होटल में जा घुसी। बस ने होटल के पास बनी पान की दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया।

चूल्हे से भड़की आग, लोगों ने पाया काबू

बस की टक्कर के समय होटल के अंदर चूल्हा जल रहा था। टक्कर के कारण चूल्हे से आग भड़क उठी और मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत प्रयास कर आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

हादसे में बस चालक गंभीर रूप से घायल हुआ है। मारुति अर्टिगा के चालक को भी चोटें आई हैं। पुलिस ने घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

पुणे-बेंगलुरु हाईवे पर भी दर्दनाक हादसा

इसी दौरान पुणे-बेंगलुरु हाईवे पर जंभुलवाड़ी के पास भी सड़क हादसा हुआ। एक ट्रक ने पहले आगे चल रहे टेम्पो को टक्कर मारी और इसके बाद दो कारों से जा भिड़ा। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 12 लोग घायल हुए हैं।

पुलिस के अनुसार, ट्रक सतारा से पुणे की ओर जा रहा था। टेम्पो से टक्कर के बाद दोनों वाहन सड़क के दूसरी ओर चले गए और वहां चल रही कारों से टकरा गए। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान दो लोगों ने दम तोड़ दिया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts