इस्कॉन मंदिर का श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महामहोत्सव 4 सितंबर को, ला फ्लोरा रिसोर्ट में सजेगा भव्य आयोजन
30 फीट के फूल बंगले में होंगे श्रीकृष्ण के दर्शन, 256 व्यंजनों का अन्नकूट भोग और मध्यरात्रि पंचामृत महाभिषेक रहेगा मुख्य आकर्षण
मेरठ। धर्म और भक्ति की नगरी मेरठ में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर इस्कॉन मंदिर, शास्त्रीनगर की ओर से भव्य श्री श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महामहोत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा। आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। महामहोत्सव का आयोजन 4 सितंबर, शुक्रवार को गढ़ रोड स्थित ला फ्लोरा रिसोर्ट में शाम 6:30 बजे से मध्यरात्रि एक बजे तक होगा।
इस्कॉन मंदिर के पदाधिकारियों ने प्रेस वार्ता में बताया कि जन्माष्टमी महोत्सव का उद्देश्य भगवान श्रीकृष्ण के प्रति प्रेम, भक्ति और धर्म के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। श्रील प्रभुपाद के अनुसार, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी भगवान के साथ अपने भूले हुए संबंध को पुन: जागृत करने का अवसर है।
मध्यरात्रि में होगा पंचामृत महाभिषेक
महोत्सव का सबसे प्रमुख आकर्षण रात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य के समय होने वाला पंचामृत महाभिषेक रहेगा। दूध, दही, घी, शहद और शर्करा के साथ गंगाजल मिश्रित पंचामृत से भगवान का अभिषेक किया जाएगा। भक्तजन वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच बारी-बारी से अभिषेक में शामिल हो सकेंगे। इसके लिए भक्तों से पारंपरिक वस्त्रों में आने का अनुरोध किया गया है।
30 फीट का फूल बंगला बनेगा आकर्षण
भगवान श्रीकृष्ण के लिए करीब 30 फीट का भव्य फूल बंगला तैयार किया जाएगा। इसके लिए मथुरा-वृंदावन सहित देश-विदेश के विभिन्न स्थानों से फूल मंगाए जाएंगे। फूलों से सजे इस विशेष बंगले में भक्तों को भगवान के दिव्य दर्शन होंगे।
256 प्रकार के व्यंजनों का लगेगा भोग
इस बार भगवान को छप्पन भोग के बजाय 256 प्रकार के शुद्ध सात्विक और लहसुन-प्याज रहित व्यंजनों का महाभोग अर्पित किया जाएगा। इसमें माखन-मिश्री, विभिन्न प्रकार की मिठाइयां, नमकीन, फल और केक सहित अनेक व्यंजन शामिल होंगे। इसके साथ ही भक्तों के लिए महाप्रसाद की विशेष व्यवस्था भी रहेगी।
बाल गोपाल को झुलाएंगे भक्त
महोत्सव में दिव्य झूला उत्सव भी आयोजित होगा। बाल गोपाल को सोने-चांदी से जड़ित आकर्षक झूले में विराजमान कराया जाएगा। माताएं और भक्त भगवान को अपने हाथों से झूला झुला सकेंगे।
प्रवेश निःशुल्क, सपरिवार पहुंचने की अपील
इस्कॉन मंदिर, मेरठ के अध्यक्ष ने शहर के सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से सपरिवार महामहोत्सव में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने श्रद्धालुओं से भगवान के दर्शन कर महोत्सव का आध्यात्मिक लाभ लेने का आह्वान किया।
इस दौरान इस्कॉन मंदिर शास्त्रीनगर के काउंसिल मेंबर नवीन गौर दास, चारु गोविंद दास, सव्यसाची दास, महाबाहु अर्जुन दास और अंकेश अग्रवाल तथा मीडिया प्रभारी विपुल सिंघल और मयंक अग्रवाल उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment