मेरठ में स्कूल बस ने 3 साल के मासूम को कुचला, मौत: मां-बहन के सामने तड़पता रहा बच्चा; शव लेकर थाने पहुंचे परिजन, लगाया जाम

परीक्षितगढ़ के बढ़ला गांव में दर्दनाक हादसा, बड़ी बहन को बस में बैठाने पहुंची थी मां; बस चलने के दौरान पहिए के नीचे आया नवनीत

मेरठ/मवाना। मेरठ के परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह स्कूल बस की चपेट में आने से 3 साल के मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब बच्चा अपनी मां के साथ बड़ी बहन को स्कूल बस में बैठाने सड़क किनारे पहुंचा था। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है।

हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजन और ग्रामीण बच्चे का शव लेकर थाने पहुंच गए। परिजनों ने पुलिस पर करीब दो घंटे तक कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए थाने के सामने शव रखकर सड़क जाम कर दी। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने और कार्रवाई के आश्वासन के बाद जाम खोला गया।

मां बड़ी बेटी को बस में बैठाने गई, पीछे-पीछे चला मासूम

परीक्षितगढ़ के बढ़ला गांव निवासी प्रिंस चौधरी किसान हैं। उनके दो बच्चे हैं—6 साल की बेटी जसवीर और 3 साल का बेटा नवनीत। जसवीर भावना इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा 2 में पढ़ती है और रोज स्कूल बस से जाती है।

गुरुवार सुबह करीब 8 बजे मां पूजा अपनी बेटी जसवीर को स्कूल बस में बैठाने गांव के बाहर सड़क पर पहुंचीं। नवनीत भी उनके साथ था। मां ने उसे सड़क किनारे खड़ा किया और बेटी को बस में बैठाने चली गईं।

बताया गया कि जसवीर के बस में बैठने के बाद बस चलने लगी। इसी दौरान नवनीत भी बस के पीछे चल पड़ा और बस की चपेट में आ गया। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर बस रुकवाई, लेकिन तब तक बच्चा पहिए के नीचे आ चुका था।

अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

हादसे के बाद लोगों ने आनन-फानन में नवनीत को अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार और गांव के लोग अस्पताल पहुंच गए।

शव लेकर थाने पहुंचे परिजन, सड़क पर लगाया जाम

बच्चे की मौत से नाराज परिजन और ग्रामीण शव लेकर परीक्षितगढ़ थाने पहुंच गए। परिजनों का आरोप है कि करीब दो घंटे तक पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। इससे नाराज लोगों ने थाने के सामने शव रखकर सड़क जाम कर दी।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर समझाया, जिसके बाद जाम खुल सका।

पुलिस बोली- पंचनामा भरा गया, पोस्टमार्टम नहीं कराया

थाना प्रभारी केदार नाथ सिंह के मुताबिक, बच्चे का पंचनामा भर दिया गया है और पोस्टमार्टम नहीं कराया गया। पुलिस के अनुसार, परिजनों और स्कूल प्रबंधन के बीच समझौता हो गया है।

घटना के बाद सामने आए CCTV फुटेज में हादसे से पहले बच्चा अपनी मां के पीछे बस की ओर जाता दिखाई दे रहा है। इसके बाद बस के आगे बढ़ने के दौरान वह उसकी चपेट में आता नजर आता है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts