बेगमपुल नमो भारत स्टेशन पर गूंजे सुर, ‘नमो भारत अनप्लग्ड’ का सीजन-3 शुरू

हर शुक्रवार शाम 5 से 6 बजे सजेगी लाइव म्यूजिक की महफिल, एमआईईटी के ‘स्वरांग’ बैंड और अंशुमन द्विवेदी ने दी प्रस्तुति

मेरठ। यात्रियों के सफर में संगीत और सुकून के रंग भरने वाली एनसीआरटीसी की पहल ‘नमो भारत अनप्लग्ड : लाइव म्यूजिकल फ्राइडेज’ का सीजन-3 शुक्रवार से मेरठ में शुरू हो गया। बेगमपुल नमो भारत स्टेशन पर आयोजित पहले कार्यक्रम में एमआईईटी के म्यूजिकल बैंड ‘स्वरांग’ और युवा कलाकार अंशुमन द्विवेदी ने अपनी प्रस्तुतियों से यात्रियों को झूमने पर मजबूर कर दिया। अब हर शुक्रवार शाम 5 से 6 बजे स्टेशन पर लाइव संगीत की महफिल सजेगी।

बीते दो वर्षों में इस पहल को मिली उत्साहजनक प्रतिक्रिया के बाद एनसीआरटीसी ने इसका विस्तार मेरठ तक किया है। कार्यक्रम के दौरान यात्रियों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। कई यात्री गीतों के साथ गुनगुनाते और थिरकते नजर आए, जबकि कुछ ने प्रस्तुतियों के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किए। रोजमर्रा के सफर के बीच संगीत की यह शाम यात्रियों के लिए अलग और खुशनुमा अनुभव लेकर आई।

यात्रियों के साथ कलाकारों को भी मंच

एनसीआरटीसी के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को व्यस्त दिनचर्या के बीच कुछ पल ठहरकर संगीत का आनंद लेने का अवसर देना है। साथ ही युवाओं, विद्यार्थियों और संगीत प्रेमियों को अपनी प्रतिभा लोगों के सामने प्रस्तुत करने के लिए खुला मंच उपलब्ध कराना भी इसका हिस्सा है। एनसीआरटीसी नमो भारत स्टेशनों को केवल आवागमन के केंद्र के बजाय जीवंत सार्वजनिक स्थलों के रूप में विकसित करने की दिशा में भी इस तरह के आयोजन कर रहा है।

बेगमपुल नमो भारत स्टेशन शहर के प्रमुख मोबिलिटी हब में शामिल है। आबू लेन और प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र के बीच स्थित यह भूमिगत स्टेशन नमो भारत और मेरठ मेट्रो दोनों सेवाओं से जुड़ा है। ऐसे में यहां लगातार यात्रियों की आवाजाही के बीच संगीत कार्यक्रमों से स्टेशन का माहौल और जीवंत होगा।

‘नमो भारत अनप्लग्ड’ का पहला सीजन 2024 में गाजियाबाद नमो भारत स्टेशन और दूसरा सीजन 2025 में आनंद विहार नमो भारत स्टेशन पर आयोजित हुआ था। दोनों सीजन में हर शुक्रवार लाइव म्यूजिक ने यात्रियों को आकर्षित किया। अब सीजन-3 में मेरठ के बेगमपुल स्टेशन पर हर शुक्रवार सुरों का यह सिलसिला जारी रहेगा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts