नितिन नवीन का पहला मेरठ दौरा 21 सितंबर को, एक दिन में होंगी चार बैठकें

भाजपा अध्यक्ष सुभारती विश्वविद्यालय में 2,000 युवाओं से करेंगे संवाद; पश्चिम क्षेत्र के 4,800 शक्ति केंद्र संयोजकों को भी संबोधित करने का कार्यक्रम

मेरठ। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 21 और 22 सितंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। 21 सितंबर को वह पहली बार मेरठ पहुंचेंगे और यहां एक दिन में चार बैठकों में शामिल होंगे। उनके मेरठ में रात्रि प्रवास का भी प्रस्तावित कार्यक्रम है। अगले दिन 22 सितंबर को वह सहारनपुर में दो बैठकों में शामिल होंगे।

2,000 युवाओं से होगा सीधा संवाद

मेरठ में नितिन नवीन के कार्यक्रम की शुरुआत सुभारती विश्वविद्यालय के मांग्ल्य प्रेक्षागृह में सुबह 11 बजे प्रस्तावित युवा संवाद से होगी। इसमें करीब 2,000 छात्र-छात्राओं के शामिल होने की तैयारी है। संवाद में एआई, शिक्षा, महंगाई और रोजगार जैसे विषयों पर युवाओं से बातचीत प्रस्तावित है।

आयोजन की खास बात यह होगी कि संवाद में मंच पर केवल नितिन नवीन और सामने छात्र-छात्राएं होंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं और अन्य लोगों की इसमें भागीदारी नहीं होगी। कार्यक्रम से पहले वंदेमातरम् गायन और रंगोली की भी व्यवस्था की जा रही है।



4,800 शक्ति केंद्र संयोजकों की बैठक

युवा संवाद के बाद नितिन नवीन सुभारती विश्वविद्यालय के मैदान में पश्चिम क्षेत्र के संगठनात्मक पदाधिकारियों की बैठक में शामिल होंगे। इसमें पश्चिम क्षेत्र के 19 संगठनात्मक जिलों और 71 विधानसभा क्षेत्रों से जुड़े करीब 4,800 शक्ति केंद्र संयोजकों और मंडल अध्यक्षों के शामिल होने की तैयारी है।

बैठक के लिए मैदान में जर्मन हैंगर लगाकर पंडाल तैयार किया जा रहा है। इसमें करीब 5,000 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। मंच करीब छह फीट ऊंचा होगा। पंडाल में कूलर और पंखों के साथ बारिश और धूप से बचाव की व्यवस्था भी की जा रही है।



मुख्यमंत्री योगी भी मेरठ पहुंचेंगे

प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी 21 सितंबर को मेरठ पहुंचेंगे। उनके सुभारती विश्वविद्यालय के मैदान में बनाए जा रहे हेलीपैड पर हेलिकॉप्टर से पहुंचने की तैयारी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े के भी पहुंचने की संभावना है।

सुभारती विश्वविद्यालय के कार्यक्रम के बाद नितिन नवीन ब्रावुरा रिसॉर्ट में दो अन्य बैठकों में शामिल होंगे। इसके बाद उनके वहीं रात्रि प्रवास का प्रस्ताव है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आरएएफ गेस्ट हाउस में रुकने की तैयारी की जा रही है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने शनिवार को गेस्ट हाउस का निरीक्षण भी किया।

22 सितंबर को सहारनपुर जाएंगे

नितिन नवीन 22 सितंबर की सुबह सड़क मार्ग से सहारनपुर जाएंगे। रास्ते में सिवाया टोल प्लाजा पर भाजपा की जिला टीम की ओर से स्वागत की तैयारी है। मेरठ पहुंचने पर काशी टोल प्लाजा पर महानगर टीम स्वागत करेगी।

सहारनपुर में उनके मां शाकुंभरी देवी के दर्शन करने और दो बैठकों में शामिल होने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। मेरठ प्रवास के दौरान संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों, भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और एनडीए के घटक दलों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की संभावना भी जताई जा रही है। हालांकि इनमें से कुछ कार्यक्रम अभी अंतिम रूप से तय नहीं हैं।

आईकार्ड से प्रवेश, यातायात पर भी तैयारी

शक्ति केंद्र संयोजकों और मंडल अध्यक्षों को बैठक में प्रवेश के लिए आईकार्ड अनिवार्य किया गया है। पश्चिम क्षेत्र के 19 संगठनात्मक जिलों से करीब 100 बसों और 300 से अधिक चार पहिया वाहनों के पहुंचने की तैयारी है।

कार्यक्रम के दौरान एनएच-58 पर वीआईपी आवाजाही और भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किया जा सकता है। पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts