एशियन गेम्स-2026 में भारत का स्वर्णिम आगाज, विमेंस क्रिकेट टीम ने जीता गोल्ड

फाइनल में श्रीलंका को 147 रन से रौंदा; भारत ने लगातार दूसरी बार हासिल किया स्वर्ण, मंधाना ने खेली 79 रन की शानदार पारी

निशिन (जापान)। एशियन गेम्स-2026 में भारत ने स्वर्णिम आगाज किया है। भारतीय विमेंस क्रिकेट टीम ने मंगलवार को फाइनल में श्रीलंका को 147 रन से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही भारतीय टीम ने एशियन गेम्स में लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक जीतने की उपलब्धि हासिल की। इससे पहले 2022 के हांगझोउ एशियन गेम्स में भी भारतीय टीम ने गोल्ड मेडल जीता था।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने तीन विकेट पर 216 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। यह एशियन गेम्स में भारतीय विमेंस टीम का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर रहा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 15.4 ओवर में महज 69 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत ने मुकाबला 147 रन के बड़े अंतर से जीतकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।

मंधाना ने जड़ा अर्धशतक, 11 हजार अंतरराष्ट्रीय रन पूरे

भारत की जीत में सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 79 रन की शानदार पारी खेली। मंधाना और शेफाली वर्मा ने पहले विकेट के लिए 99 रन की मजबूत साझेदारी कर भारत को तेज शुरुआत दिलाई। शेफाली ने 48 रन बनाए, जबकि ऋचा घोष ने आक्रामक अंदाज में नाबाद 49 रन की पारी खेली।

मंधाना ने अपनी पारी के दौरान महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 11 हजार रन भी पूरे कर लिए। उनकी पारी और शेफाली के साथ साझेदारी ने भारत को बड़े स्कोर की नींव दी। श्रीलंका की ओर से सुगंधिका कुमारी, कविशा दिलहारी और चामुडी प्रभोदा को एक-एक विकेट मिला।

69 रन पर ढेर हुई श्रीलंका की टीम

217 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही। भारतीय गेंदबाजों ने लगातार विकेट चटकाते हुए श्रीलंकाई बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। चामरी अटापट्टू ने 29 रन बनाकर टीम की ओर से सबसे बड़ी पारी खेली। कौशिनी नुथ्यांगना ने 14 और कविशा दिलहारी ने 11 रन बनाए।

भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके। शेफाली वर्मा, श्रेयंका पाटिल और श्री चरणी ने दो-दो विकेट हासिल किए। श्रीलंका के आठ बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके और पूरी टीम 15.4 ओवर में 69 रन पर सिमट गई।

पाकिस्तान ने जीता कांस्य

एशियन गेम्स की महिला क्रिकेट स्पर्धा में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया। इस तरह क्रिकेट स्पर्धा में भारत को स्वर्ण, जबकि पाकिस्तान को कांस्य पदक मिला।

मेडल टैली में टॉप-10 में पहुंचा भारत

भारतीय विमेंस क्रिकेट टीम के स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही भारत एशियन गेम्स-2026 की मेडल टैली में टॉप-10 में पहुंच गया है। भारत के खाते में अब तक एक स्वर्ण, चार रजत और दो कांस्य समेत कुल सात पदक हो गए हैं। भारतीय दल को आगामी स्पर्धाओं में भी पदकों की उम्मीद है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts