मास्टर वैभव टी-20 चैंपियनशिप 12 सितंबर से
12 सितंबर से गांधी बाग में शुरू होगा क्रिकेट का रोमांच, खिताब के लिए उत्तर प्रदेश की आठ टीमें आमने-सामने
मेरठ। मेरठ जिला क्रिकेट एसोसिएशन (एमडीसीए) की ओर से 17वीं मास्टर वैभव टी-20 चैंपियनशिप 2026-27 का आयोजन 12 सितंबर से गांधी बाग मैदान पर किया जाएगा। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के सहयोग से होने वाली प्रतियोगिता में मेरठ समेत प्रदेश की आठ टीमें खिताब के लिए मैदान में उतरेंगी। टूर्नामेंट का उद्घाटन 12 सितंबर को सुबह आठ बजे होगा।
प्रतियोगिता में टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है। ग्रुप-ए में एमडीसीए मेरठ रेड, डीसीएए क्रिकेट एसोसिएशन आगरा, गाजियाबाद क्रिकेट एसोसिएशन और मुजफ्फरनगर क्रिकेट एसोसिएशन शामिल हैं। ग्रुप-बी में एमडीसीए मेरठ ब्लू, क्रिकेट एसोसिएशन लखनऊ, डीएसए मुरादाबाद और अलीगढ़ स्पोर्ट्स एसोसिएशन को रखा गया है।
लीग चरण में कुल 12 मुकाबले खेले जाएंगे। ग्रुप-ए के मैच 12 से 14 सितंबर और ग्रुप-बी के मुकाबले 15 से 17 सितंबर तक होंगे। सभी लीग मुकाबले गांधी बाग मैदान पर खेले जाएंगे।
मेरठ रेड अपने अभियान की शुरुआत 12 सितंबर को सुबह आठ बजे मुजफ्फरनगर के खिलाफ करेगा। इसी दिन दोपहर 12 बजे गाजियाबाद और आगरा की टीमें आमने-सामने होंगी। वहीं मेरठ ब्लू का पहला मुकाबला 15 सितंबर को अलीगढ़ से होगा। इसके बाद 16 सितंबर को मुरादाबाद और 17 सितंबर को लखनऊ के खिलाफ मुकाबला होगा।
लीग चरण के बाद दोनों ग्रुप की शीर्ष टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। 18 सितंबर को दोनों सेमीफाइनल खेले जाएंगे। इसके बाद 19 सितंबर को सुबह नौ बजे गांधी बाग मैदान पर खिताबी मुकाबला होगा।
आयोजन की जिम्मेदारी चेयरमैन स्पर्श सिंह और सचिव सुभाष चंद शर्मा संभाल रहे हैं। राकेश गोयल कोषाध्यक्ष और सुरेंद्र चौहान एमडीसीए सचिव हैं। आयोजन समिति ने सभी टीमों को काली लोअर लाने के निर्देश दिए हैं, जबकि मैचों के लिए रंगीन टी-शर्ट उपलब्ध कराई जाएगी।


No comments:
Post a Comment