प्लॉट खरीदने का बड़ा मौका: मेडा 2 दिन में नीलाम करेगा 201 भूखंड
12 सितंबर को 134 व्यावसायिक और 13 सितंबर को 67 आवासीय प्लॉट होंगे नीलाम, पल्लवपुरम से शताब्दीनगर तक कई प्रमुख क्षेत्रों में भूखंड
मेरठ। मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) की ओर से आवासीय और व्यावसायिक भूखंडों की ई-नीलामी की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। 12 और 13 सितंबर को ऑनलाइन बोली के माध्यम से कुल 201 भूखंडों का आवंटन किया जाएगा। पहले दिन 134 व्यावसायिक और दूसरे दिन 67 आवासीय भूखंडों की नीलामी होगी। पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाएगी।
नीलामी प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से पूरा कराने के लिए मेडा ने टीम गठित की है। बोली में शामिल होने वाले आवेदकों की सुविधा के लिए प्राधिकरण की वेबसाइट पर संबंधित भूखंडों के नक्शे और मौके की स्थिति की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई है। इससे आवेदक बोली लगाने से पहले प्लॉट की लोकेशन और भूमि की स्थिति देख सकेंगे।
पहले दिन व्यावसायिक भूखंडों की बोली
12 सितंबर को 134 व्यावसायिक भूखंडों के लिए ऑनलाइन बोली लगेगी। इनमें पल्लवपुरम, गंगानगर, रक्षापुरम और लोहियानगर समेत शहर की प्रमुख कॉलोनियों में स्थित भूखंड शामिल हैं। इच्छुक आवेदक मेडा की वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से वर्चुअल नीलामी में भाग ले सकेंगे।
13 सितंबर को 67 आवासीय प्लॉट
13 सितंबर को 67 आवासीय भूखंडों की ई-नीलामी होगी। इनमें डिफेंस एन्क्लेव, सैनिक विहार, पांडवनगर, ब्रह्मपुरी, वेदव्यासपुरी, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और शताब्दीनगर समेत विभिन्न क्षेत्रों के भूखंड शामिल हैं।
सर्किल रेट का 10 प्रतिशत एडवांस
ई-नीलामी में भाग लेने के लिए आवेदकों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सर्किल रेट के अनुसार 10 प्रतिशत राशि अग्रिम जमा करनी होगी। राशि जमा करने के बाद ही ऑनलाइन बोली में शामिल होने की पात्रता होगी। नीलामी से संबंधित नियम, भूखंडों की जानकारी और ऑनलाइन बोली का लिंक मेडा की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा।


No comments:
Post a Comment