यूपी में बारिश का कहर, 15 की मौत; उत्तराखंड में रेड अलर्ट

60 घंटे से लगातार बारिश और आंधी का असर, 117 मकान क्षतिग्रस्त; पूर्वी यूपी में बाढ़ का खतरा, दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में अलर्ट

लखनऊ/नई दिल्ली। सितंबर के आखिरी दिनों में देश के कई हिस्सों में भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। उत्तर प्रदेश में पिछले करीब 60 घंटे से जारी बारिश और आंधी-तूफान के चलते 63 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई। राज्य सरकार के मुताबिक, पिछले 48 घंटे में बारिश और खराब मौसम से 15 लोगों की मौत, चार पशुओं की मौत और 117 मकानों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। पांच लोग घायल हुए हैं।

यूपी में सामान्य से 19 गुना ज्यादा बारिश

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में प्रदेश में सामान्य से करीब 19 गुना अधिक बारिश दर्ज की गई। फर्रुखाबाद में सामान्य से करीब 200 गुना, कानपुर नगर में 160 गुना तथा कन्नौज, कानपुर देहात और हरदोई में करीब 130 गुना अधिक बारिश रिकॉर्ड हुई। पश्चिमी यूपी के बागपत, गाजियाबाद, मथुरा, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, शामली, गौतमबुद्धनगर और हापुड़ में भी भारी बारिश हुई।

मकान और दीवारें गिरने से मौतें

बारिश और आंधी के कारण अमेठी, बहराइच, बांदा, बाराबंकी, बस्ती, फतेहपुर, हमीरपुर, हरदोई और कानपुर नगर में एक-एक मौत हुई। अयोध्या में दो और लखीमपुर खीरी में चार लोगों की जान गई। कई जिलों में कच्चे मकान और दीवारें गिरने से नुकसान हुआ। बांदा में 32, जालौन में 21, हरदोई में 14 तथा औरैया और पीलीभीत में सात-सात मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं।

पूर्वी यूपी में बढ़ा बाढ़ का खतरा

नेपाल में लगातार बारिश के कारण पूर्वी उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों में नदियों का जलस्तर बढ़ने की आशंका है। राहत आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने जिलाधिकारियों को प्रभावित परिवारों से संपर्क कर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने, घायलों का उपचार कराने और मकान व फसल क्षति का सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं। बाढ़ राहत और बचाव दलों को भी सक्रिय रखने को कहा गया है।

बिहार में भी नेपाल से आने वाले पानी को देखते हुए गंडक, बागमती और कोसी नदी से लगे जिलों में प्रशासन को अलर्ट किया गया है। तटबंधों, निचले इलाकों और नदी किनारे बसे गांवों की लगातार निगरानी की जा रही है।

उत्तराखंड में रेड अलर्ट, चारधाम यात्रा रोकी

उत्तराखंड में 26 और 27 सितंबर को अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी के बीच बागेश्वर, नैनीताल, पिथौरागढ़, चंपावत और ऊधमसिंह नगर में रेड अलर्ट जारी किया गया है। कई अन्य जिलों में ऑरेंज अलर्ट है। खराब मौसम को देखते हुए चारधाम यात्रा दो दिनों के लिए स्थगित कर दी गई है।

दिल्ली-NCR और हरियाणा में भी चेतावनी

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। बिहार, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भी बारिश और गरज-चमक का पूर्वानुमान है। दिल्ली और हरियाणा में 27 सितंबर को भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

ओडिशा में नदियां उफान पर

ओडिशा में भारी बारिश के चलते कई नदियां उफान पर हैं। हीराकुड बांध से महानदी में अतिरिक्त पानी छोड़ने के लिए 16 गेट खोले गए हैं। बालासोर समेत कई जिलों में निचले इलाकों में पानी भर गया है। अकेले बालासोर में 91 गांवों के करीब 14,660 लोग प्रभावित हुए हैं, जबकि 3,268 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

अगले 24 से 36 घंटे अहम

मौसम विभाग की चेतावनियों के बीच अगले 24 से 36 घंटे कई राज्यों के लिए महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। किसी भी आपदा की स्थिति में यूपी में राहत हेल्पलाइन 1070 पर सूचना देने को कहा गया है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts