अमरावती के सरकारी अस्पताल के NICU में भीषण आग, तीन नवजातों की मौत

अमरावती। महाराष्ट्र के अमरावती जिला महिला अस्पताल में सोमवार तड़के नियोनेटल इंटेंसिव केयर यूनिट (NICU) में भीषण आग लगने से तीन नवजात शिशुओं की मौत हो गई। घटना के समय अस्पताल की यूनिट में बच्चों का इलाज चल रहा था। आग लगने के बाद अस्पताल में अफरातफरी मच गई। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों, नर्सों और अन्य स्टाफ ने तत्काल बचाव अभियान शुरू कर बच्चों को बाहर निकाला।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 3:30 बजे NICU में एक वेंटिलेटर में धमाका हुआ, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, तीसरी मंजिल पर तीन NICU यूनिट हैं और इनमें कुल 39 नवजातों के इलाज की क्षमता है। आग इनमें से एक यूनिट में लगी थी।

तीन नवजातों को नहीं बचाया जा सका

जिला सिविल सर्जन डॉ. विनोद पवार के मुताबिक, आग लगने की सूचना मिलते ही अस्पताल की टीम मौके पर पहुंची। यूनिट में घना धुआं भर गया था। स्टाफ ने प्राथमिकता के आधार पर बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तीन नवजातों की झुलसने से मौत हो गई। घटना में छह अन्य बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

आग के बाद NICU में भर्ती बच्चों को सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल और शहर के निजी अस्पतालों में इलाज के लिए भेजा गया। अस्पताल प्रशासन ने मृत नवजातों के परिवारों को घटना की जानकारी दी है।

वेंटिलेटर में धमाके के बाद आग लगने की आशंका

प्रारंभिक रिपोर्ट में वेंटिलेटर में धमाके के बाद आग लगने की बात सामने आई है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी। दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।

तीन परिवारों में मातम

हादसे में अंजनसिंगी की पूजा बिडजे, वारुड की गायत्री चोपड़े और चिखलदरा तालुका की किरण बेठेकर के नवजात बच्चों की मौत होने की जानकारी दी गई है। हादसे के बाद तीनों परिवारों में मातम पसरा है।

फडणवीस ने दिए उच्चस्तरीय जांच के आदेश

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने स्वास्थ्य प्रशासन को मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना के लिए जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री और स्वास्थ्य सचिव को अमरावती पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने के निर्देश भी दिए हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts