आशा कार्यकर्ताओं को सर्वाइकल कैंसर और HPV टीकाकरण की दी जानकारी

सीसीएसयू में ‘आनंदी माँ-एक जीवन बचाओ अभियान’ के तहत एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के महिला अध्ययन केंद्र की ओर से राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से संचालित ‘आनंदी माँ-एक जीवन बचाओ अभियान’ के तहत आशा कार्यकर्ताओं के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं के स्वास्थ्य, सर्वाइकल कैंसर से बचाव, HPV संक्रमण की रोकथाम और टीकाकरण के महत्व को लेकर आशा कार्यकर्ताओं को जागरूक किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने की। उद्घाटन सत्र में कुलसचिव प्रो. भूपेंद्र राणा और शोध निदेशक प्रो. बीरपाल सिंह मौजूद रहे। महिला अध्ययन केंद्र की समन्वयक प्रो. बिंदु शर्मा ने प्रतिभागियों का स्वागत किया।

जनजागरूकता में आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका अहम

कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने आशा कार्यकर्ताओं के सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए उन्हें स्वास्थ्य संबंधी जनजागरूकता अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय समाजहित में नियमित रूप से निःशुल्क HPV टीकाकरण शिविर आयोजित कर रहा है। भविष्य में समाज की जरूरत के अनुरूप इन स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को और व्यापक बनाया जाएगा।

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता एवं हेड गायनेकोलॉजी डॉ. अरुणा वर्मा ने सर्वाइकल कैंसर से बचाव के उपायों की जानकारी दी। प्रशिक्षण सत्र में डॉ. प्रतिष्ठा शर्मा और डॉ. सोनाली चौधरी ने आशा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया और उनकी जिज्ञासाओं एवं सवालों का समाधान किया।

विशेषज्ञों ने महिलाओं के स्वास्थ्य, कैंसर के प्रति जागरूकता, HPV संक्रमण से बचाव और समय पर टीकाकरण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

‘कैंसर मुक्त भारत’ के संकल्प की दिशा में पहल

कार्यक्रम में कहा गया कि राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के ‘कैंसर मुक्त भारत’ के संकल्प को आगे बढ़ाने में यह अभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में महिलाओं तक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी पहुंचाने में आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका अहम है। प्रशिक्षण के जरिए उन्हें महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर और HPV टीकाकरण के प्रति जागरूक करने के लिए आवश्यक जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का समन्वय एवं संचालन डॉ. वैशाली पाटिल, प्राचार्य-फार्मेसी ने किया।

इस अवसर पर योगाचार्य अमरपाल, डॉ. धर्मेंद्र कुमार, रीता रानी, डॉ. वर्षा, अंजू मलिक, राखी सिंह, अभिषेक, अर्चना सिंह सहित शिक्षक, अधिकारी और प्रतिभागी मौजूद रहे। फार्मेसी छात्राओं अदिति, आस्था और अंजलि ने कार्यक्रम में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts