राहुल गांधी पर FIR के बाद कांग्रेस का पलटवार, देशभर में प्रदर्शन का ऐलान
खड़गे के ‘शुद्धिकरण’ विवाद को लेकर सियासी घमासान तेज, कांग्रेस ने भाजपा पर लगाया सामाजिक न्याय के खिलाफ राजनीति करने का आरोप
नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड के हल्द्वानी में एफआईआर दर्ज होने के बाद कांग्रेस ने भाजपा के खिलाफ देशव्यापी विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने जिस मामले को उठाया, उसमें कार्रवाई करने के बजाय उनके खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर दिया गया।
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि राहुल गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी रैली के बाद हुए कथित ‘शुद्धिकरण’ कार्यक्रम को लेकर भाजपा नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। इसके अगले ही दिन उत्तराखंड पुलिस द्वारा राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करना राजनीतिक प्रतिक्रिया है।
शाम को सड़कों पर उतरेंगे कांग्रेस कार्यकर्ता
वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता सोमवार शाम देशभर में प्रदर्शन करेंगे। पार्टी की मांग है कि खड़गे के अपमान के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए और राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को वापस लिया जाए। कांग्रेस ने इसे संविधान और सामाजिक न्याय के मूल्यों से जुड़ा मुद्दा बताया है।
किन धाराओं में दर्ज हुई एफआईआर?
पुलिस के अनुसार, हल्द्वानी में वाल्मीकि समुदाय के एक सदस्य की शिकायत पर राहुल गांधी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। इनमें अलग-अलग समूहों के बीच शत्रुता बढ़ाने और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के उद्देश्य से किए गए कथित कृत्यों से संबंधित धाराएं शामिल हैं। एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की धाराएं भी लगाई गई हैं।
शिकायतकर्ता अमित कुमार का आरोप है कि राहुल गांधी ने 29 अगस्त को दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हल्द्वानी में हुए धार्मिक अनुष्ठान को जातिगत रंग दिया और इससे समुदाय की भावनाएं आहत हुईं।
11 अगस्त को हुआ था ‘शुद्धिकरण यज्ञ’
यह विवाद हल्द्वानी के रामलीला मैदान से जुड़ा है। यहां 8 अगस्त को मल्लिकार्जुन खड़गे ने सार्वजनिक सभा को संबोधित किया था। इसके तीन दिन बाद 11 अगस्त को कुछ लोगों ने मैदान में ‘शुद्धिकरण यज्ञ’ किया था।
कांग्रेस ने इस आयोजन को भाजपा की दलित विरोधी मानसिकता का उदाहरण बताया, जबकि भाजपा ने इसका बचाव करते हुए दावा किया कि खड़गे की रैली के बाद मैदान में गंदगी थी और धार्मिक स्थल के लिए अनुचित नारे लगाए गए थे।
कांग्रेस बोली- असली दोषियों पर हो कार्रवाई
कांग्रेस का कहना है कि पार्टी सामाजिक न्याय और संवैधानिक मूल्यों के मुद्दे पर पीछे नहीं हटेगी। वेणुगोपाल ने कहा कि जब तक खड़गे के अपमान के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई और राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर रद्द नहीं होती, तब तक कांग्रेस इस मुद्दे को उठाती रहेगी।


No comments:
Post a Comment