कांवड़ियों के दो गुट भिड़े, बीच-बचाव करने पहुंचे सिपाहियों से भी मारपीट; कांस्टेबल घायल

मेरठ: कांवड़ यात्रा के दौरान मेरठ के दौराला क्षेत्र में सोमवार देर रात दो कांवड़िया गुटों के बीच मामूली बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। झगड़ा शांत कराने पहुंचे पुलिसकर्मियों के साथ भी कथित तौर पर हाथापाई की गई। इस दौरान एक कांस्टेबल के सिर में चोट लग गई।

घटना रात करीब 3 बजे धरम होटल के सामने की बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। घायल कांवड़ियों और पुलिसकर्मी को उपचार के लिए दौराला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।

बाइक टकराने के बाद शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, दिल्ली की देवकी कॉलोनी निवासी विकास मिश्रा अपने साथियों के साथ हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान गौतमबुद्ध नगर के बिसरख थाना क्षेत्र के हैबतपुर निवासी सोनू यादव और गुड्डू की बाइक कांवड़ियों के जत्थे से टकरा गई।

बाइक टकराने के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हुई। कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई।

झगड़ा रोकने पहुंचे सिपाहियों से भी हाथापाई

हंगामा होते देख पास में ड्यूटी कर रहे सिपाही दिनेश और उनके साथी मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया।

आरोप है कि इसी दौरान एक गुट पुलिसकर्मियों से ही उलझ गया। कथित तौर पर सिपाहियों के साथ हाथापाई की गई और डंडे से हमला किया गया। हमले में कांस्टेबल दिनेश के सिर में चोट लगी।

स्थिति बिगड़ने पर कांवड़ियों ने पुलिस जीप को भी चारों तरफ से घेर लिया। घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात पर काबू पाया।

कई कांवड़ियों का कराया गया मेडिकल

पुलिस ने सोनू, आयुष, सागर, विकास और गुड्डू समेत घायल कांवड़ियों को दौराला सीएचसी भेजा। घायल कांस्टेबल का भी उपचार कराया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बाइक सवार कांवड़िए हरिद्वार से गंगाजल लेने जा रहे थे।

ढाबे पर छूट गया था बैग, वापस लौटते समय टकराई बाइक

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, बाइक सवार कांवड़ियों का बैग हाईवे स्थित एक ढाबे पर छूट गया था। खाना खाने के बाद उन्हें बैग याद आया तो वे उसे लेने के लिए वापस लौट रहे थे।

बताया गया कि वे नंगली गेट कट से कांवड़ियों के लिए आरक्षित मार्ग पर बाइक लेकर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे कांवड़ियों के जत्थे से बाइक टकरा गई और विवाद शुरू हो गया।

समझाकर दोनों पक्षों को भेजा गया

घटना की जानकारी मिलने पर दौराला इंस्पेक्टर सुमन सिंह भी मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। दोनों गुटों को भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा नहीं करने की चेतावनी दी गई, जिसके बाद उन्हें रवाना कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार, मौके से दो स्कूटी और एक बाइक लावारिस हालत में मिली हैं। वाहनों को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts