सपा नेताओं से मारपीट के मामले में सिविल लाइन थाना प्रभारी समेत 8 लाइन हाजिर
चार्ज समालते ही लिया एक्शन
मेरठ। सपा नेताओं दिग्विजय भाटी और मोहित जाटव के साथ कथित मारपीट के मामले में मेरठ के नए एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बड़ी कार्रवाई की है। सिविल लाइन प्रभारी इंस्पेक्टर अखिलेश गौड़ समेत थाने के 8 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है। कार्रवाई मामले की जांच को निष्पक्ष रखने के उद्देश्य से की गई है।
मामला 19 अगस्त का बताया जा रहा है। किसान नेता दिग्विजय भाटी और मोहित जाटव एसएसपी कार्यालय पहुंचे थे। दोनों ने आरोप लगाया कि वहां उनके साथ पुलिसकर्मियों ने मारपीट की। इसके बाद सिविल लाइन थाना प्रभारी अखिलेश गौड़ उन्हें एसओजी कार्यालय ले गए, जहां भी कथित रूप से उनके साथ मारपीट की गई। दोनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
मामला सामने आने के बाद एडीजी के निर्देश पर सहारनपुर डीआईजी अभिषेक सिंह को जांच सौंपी गई। डीआईजी मेरठ पहुंचकर एसएसपी कार्यालय में अधिकारियों से पूछताछ कर चुके हैं और मामले से जुड़े लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
उधर, मेरठ पुलिस ने नेताओं की ओर से लगाए गए मारपीट के आरोपों को तथ्यहीन और निराधार बताया है। पुलिस का कहना है कि 19 अगस्त को दोनों सिविल लाइन थाने में एक मुकदमे के संबंध में बातचीत के लिए आए थे और वापस जाते समय स्कूटी फिसलने से घायल हुए थे। पुलिस के मुताबिक इस संबंध में थाने में लिखित प्रार्थनापत्र भी दिया गया था।
इस पूरे प्रकरण को लेकर राजनीतिक हलकों में भी मामला गरमा गया है। सपा विधायक अतुल प्रधान ने दिग्विजय भाटी और मोहित जाटव के साथ प्रेसवार्ता कर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत विपक्ष के अन्य नेताओं ने भी घटना पर सवाल उठाए हैं।
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति की ओर से सिविल लाइन थाने के पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किए जाने के बाद अब जांच रिपोर्ट पर सभी की नजरें टिकी हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।


No comments:
Post a Comment