मुझे नियम मत सिखाइए’, रिजिजू पर भड़के खड़गे; सीतापुर के मिड-डे मील पर संजय सिंह का सवाल, सभापति ने टोका
मानसून सत्र में हंगामा जारी, लोकसभा में टैक्स संशोधन बिल पास; राज्यसभा में विनियोग विधेयक ध्वनिमत से पारित
नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के दौरान गुरुवार को भी लोकसभा और राज्यसभा में विपक्षी सांसदों की नारेबाजी के चलते हंगामा जारी रहा। दोनों सदनों की कार्यवाही कई बार स्थगित करनी पड़ी। इस दौरान राज्यसभा में संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली।
वहीं, लोकसभा में हंगामे के बीच कराधान और अन्य विधियां संशोधन विधेयक, 2026 पारित किया गया। राज्यसभा में चर्चा के बाद विनियोग (संख्या-3) विधेयक, 2026 को ध्वनिमत से पारित कर लोकसभा को लौटा दिया गया।
लोकसभा की कार्यवाही तीन मिनट में स्थगित
लोकसभा की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू हुई। विपक्षी सांसद पोस्टर लेकर सदन में पहुंचे और नारेबाजी शुरू कर दी। हंगामा बढ़ने पर कार्यवाही शुरू होने के करीब तीन मिनट बाद ही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
दोपहर दो बजे सदन की बैठक दोबारा शुरू हुई। पीठासीन अधिकारी संध्या राय ने सदस्यों से जरूरी दस्तावेज सदन के पटल पर रखने को कहा। विपक्षी सदस्यों की नारेबाजी के बीच यह प्रक्रिया जारी रही।
इसके बाद करीब 2:11 बजे वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कराधान और अन्य विधियां संशोधन विधेयक, 2026 को विचार और पारित करने के लिए पेश किया। विपक्ष के विरोध और नारेबाजी के बीच विधेयक पारित कर दिया गया। इसके बाद लोकसभा की कार्यवाही 7 अगस्त सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
रिजिजू और खड़गे में तीखी नोकझोंक
राज्यसभा की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू हुई। सभापति सीपी राधाकृष्णन ने सदस्यों से दस्तावेज सदन के पटल पर रखने को कहा। शुरुआती कुछ मिनटों तक कार्यवाही सामान्य रही, लेकिन शून्यकाल शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने नारेबाजी शुरू कर दी।
हंगामे के बीच संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की ओर इशारा करते हुए सदन के नियमों और कार्यवाही को लेकर सवाल उठाया। इस पर खड़गे नाराज हो गए। उन्होंने रिजिजू को जवाब देते हुए कहा कि उन्हें संसद के नियम सिखाने की जरूरत नहीं है।
हंगामा बढ़ने पर राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई। सदन दोबारा बैठने के बाद भी नारेबाजी जारी रही।
जजों की नियुक्ति पर मनोज झा ने पूछा सवाल
हंगामे के बीच प्रश्नकाल भी हुआ। आरजेडी सांसद प्रो. मनोज झा ने जजों की नियुक्ति से जुड़े सवाल उठाते हुए सरकार से इस प्रक्रिया को लेकर जवाब मांगा। विधि एवं न्याय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने सरकार की ओर से जवाब दिया।
हालांकि, हंगामा जारी रहने के कारण राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2:15 बजे तक स्थगित करनी पड़ी। इसके बाद सदन बैठा तो कुछ ही देर में फिर 2:45 बजे तक के लिए कार्यवाही स्थगित कर दी गई।
54,067 करोड़ रुपये के अतिरिक्त खर्च को मंजूरी
बाद में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने विनियोग (संख्या-3) विधेयक, 2026 को चर्चा और पारित करने के लिए पेश किया। विधेयक के जरिए वित्त वर्ष 2022-23 में पहले से स्वीकृत राशि से अधिक हुए 54,067 करोड़ रुपये के अतिरिक्त सरकारी खर्च को संसद की मंजूरी देने का प्रावधान था।
राज्यसभा ने विधेयक को ध्वनिमत से पारित कर लोकसभा को लौटा दिया। धन विधेयक होने के कारण राज्यसभा की भूमिका इसे सिफारिशों के साथ लोकसभा को लौटाने तक सीमित है।
सीतापुर के मिड-डे मील पर संजय सिंह का सवाल
विधेयक पर चर्चा के दौरान आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने उत्तर प्रदेश के सीतापुर से सामने आए एक वीडियो का जिक्र करते हुए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वीडियो में मिड-डे मील के तहत बच्चों को परोसी गई सब्जी में पानी अधिक दिखाई दे रहा था और सब्जी नजर नहीं आ रही थी।
संजय सिंह के इस बयान पर उपसभापति हरिवंश ने आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि सदस्य जान-बूझकर सदन के नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। इसके बावजूद सदन में बहस और हंगामा जारी रहा।
आखिरकार राज्यसभा ने विनियोग विधेयक पारित कर उसे लोकसभा को लौटा दिया। इसके बाद उच्च सदन की कार्यवाही भी 7 अगस्त सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।


No comments:
Post a Comment