कॉकरोच जनता पार्टी’ शुरू करेगी ‘क्या बोलती पब्लिक’ कैंपेन, गांव-शहरों में युवाओं से संवाद करेंगे अभिजीत दीपके
बेरोजगारी, महंगी शिक्षा और संस्थागत जवाबदेही होंगे अभियान के प्रमुख मुद्दे; बोले- CJP चुनावी पार्टी नहीं, पब्लिक प्रेशर ग्रुप के तौर पर करेगी काम
छत्रपति संभाजीनगर। ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सितंबर से देशभर में ‘क्या बोलती पब्लिक’ अभियान शुरू करने का ऐलान किया है। उन्होंने गुरुवार को छत्रपति संभाजीनगर में मीडिया से बातचीत में कहा कि अभियान के तहत गांवों और शहरों में जाकर युवाओं से संवाद किया जाएगा। बेरोजगारी और महंगी शिक्षा को अभियान के प्रमुख मुद्दों के रूप में उठाया जाएगा।
दीपके ने कहा कि बेरोजगारी देश की बड़ी समस्याओं में से एक है और इसे राष्ट्रीय स्तर पर मुद्दा बनाया जाएगा। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में सुधार की जरूरत बताते हुए आरोप लगाया कि शिक्षा को मुनाफा कमाने का जरिया बना दिया गया है। CJP इस व्यवस्था में बदलाव के लिए काम करेगी।
‘चुनावी राजनीतिक पार्टी नहीं बनेगी CJP’
अभिजीत दीपके ने स्पष्ट किया कि CJP चुनाव लड़ने वाली राजनीतिक पार्टी के रूप में काम नहीं करेगी। उनके मुताबिक, संगठन का उद्देश्य लोकतांत्रिक संस्थानों और शासन में जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए एक मजबूत पब्लिक प्रेशर ग्रुप के तौर पर काम करना है।
उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों को सामने लाने और सरकार तथा संस्थानों पर जवाबदेही के लिए दबाव बनाने का काम अभियान के जरिए किया जाएगा।
महंगी शिक्षा और बेरोजगारी पर रहेगा फोकस
‘क्या बोलती पब्लिक’ अभियान के तहत CJP ने कई प्रमुख मुद्दे तय किए हैं। इनमें स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों की बढ़ती फीस को कम कराने तथा सरकारी स्कूलों की स्थिति में सुधार की मांग शामिल है।
इसके अलावा बेरोजगारी को राष्ट्रीय मुद्दा बनाकर देशभर में उठाने की बात कही गई है। संगठन चुनाव आयोग, न्यायपालिका और मीडिया जैसी लोकतांत्रिक संस्थाओं में जनता का भरोसा मजबूत करने के लिए भी दबाव बनाने का प्रयास करेगा।
NEET पेपर लीक के खिलाफ 36 दिन चला था धरना
अभिजीत दीपके और CJP ने NEET पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर 20 जून से 25 जुलाई तक लगातार 36 दिनों तक धरना दिया था। 25 जुलाई को तत्कालीन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद CJP ने धरना समाप्त करने की घोषणा की थी।
इस्तीफे की खबर सामने आने के बाद दीपके के मंच पर मुक्के मारने का वीडियो भी सामने आया था।
छह महीने में देशभर में संगठन विस्तार की तैयारी
CJP ने गुरुवार को अपनी नेशनल वर्किंग कमेटी के सदस्यों के नामों की भी घोषणा की। संगठन के मुताबिक, अगले छह महीनों में देशभर में राज्य समन्वय समितियों के साथ-साथ लोकसभा और शहर स्तर पर समन्वय इकाइयों का गठन किया जाएगा।
इससे पहले 5 अगस्त को बैठक के पहले दिन अभिजीत दीपके ने कहा था कि मौजूदा समय में देश को किसी नए राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि एक मजबूत दबाव समूह की जरूरत है। अब ‘क्या बोलती पब्लिक’ अभियान के जरिए संगठन इसी भूमिका को आगे बढ़ाने की तैयारी में है।


No comments:
Post a Comment