द्वितीय खेल महोत्सव में दिखी युवा प्रतिभाओं की खेल भावना
डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी बोले- खेलों के प्रति युवाओं का रुझान बढ़ाना महत्वपूर्ण कार्य
मेरठ, 30 अगस्त। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती एवं राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में पंख हौसलों की उड़ान संस्था के तत्वावधान में आयोजित द्वितीय खेल महोत्सव के तहत रविवार को बालेराम बृजभूषण सरस्वती विद्या मंदिर में सात प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। स्केटिंग, खो-खो, योग, बास्केटबॉल, शूटिंग, नृत्य और गायन प्रतियोगिताओं में विभिन्न विद्यालयों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि युवा प्रतिभाओं को खेलों से जोड़ना और उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देना महत्वपूर्ण कार्य है। उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद का जीवन युवाओं को सिखाता है कि संसाधन सीमित होने के बावजूद हौसले मजबूत हों तो सफलता हासिल की जा सकती है।
उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि जीवन में हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना है। खो-खो जैसे पारंपरिक खेल हमारी मिट्टी से जुड़े हैं, जबकि योग भारतीय ऋषि परंपरा की देन है। बास्केटबॉल और स्केटिंग जैसे खेल युवाओं को वैश्विक स्तर से जोड़ते हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को मोबाइल की लत से दूर रखने और प्रतिदिन कम से कम एक घंटा खेल मैदान में भेजने की अपील की।
कार्यक्रम के अति विशिष्ट अतिथि आईआईएमटी विश्वविद्यालय के चेयरमैन डॉ. मयंक अग्रवाल ने संस्था की अध्यक्ष भावना शर्मा एवं उनकी टीम के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत समन्वयक अशोक शर्मा ने भी आयोजन के लिए संस्था को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता अध्यक्ष डॉ. जे.बी. चिकारा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विभिन्न प्रतियोगिताओं में सहयोग कर रहे कोच और रेफरी का आभार जताया। संस्था की अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक भावना शर्मा ने बताया कि खेल महोत्सव के तहत जनपद के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में करीब 22 से 25 खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इनमें लगभग 5,000 खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। महोत्सव का समापन 20 से 22 सितंबर तक चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस प्रेक्षागृह में किया जाएगा।
इस अवसर पर निमेष वशिष्ठ, राहुल गुप्ता, अनिकेत, विनय, कृष्ण कुमार शर्मा, प्रभात गुप्ता, ऋषिपाल, मुकंद वल्लभ शर्मा सहित विभिन्न खेलों के कोच और रेफरी मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में खेल निदेशक अशोक त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष जौनी चौधरी, नीरज सोम, विनीत त्यागी, दीपशिखा त्यागी, अनुज कुमार योगी सहित संस्था के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा।


No comments:
Post a Comment