कांवड़ यात्रा के दौरान महिला ने बेटे को दिया जन्म, हरिद्वार से गंगाजल लेकर पति के साथ लौट रही थी

मेरठ। कांवड़ यात्रा के दौरान मेरठ में एक सुखद घटना सामने आई। हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने पति और चार साल के बेटे के साथ पैदल लौट रही गाजियाबाद की 9 माह की गर्भवती महिला को रास्ते में अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। परिवार ने तत्काल उसे पांचली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सुरक्षित प्रसव कराया। महिला ने एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया।

बागपत बायपास पर शुरू हुई प्रसव पीड़ा

गाजियाबाद के कुटी निवासी सोनू अपनी पत्नी मनीषा और चार वर्षीय बेटे विनय के साथ हरिद्वार से गंगाजल लेकर पैदल अपने शिवालय की ओर जा रहे थे। गुरुवार दोपहर जब परिवार मेरठ-बागपत बायपास क्षेत्र से गुजर रहा था, तभी मनीषा को अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई।

स्थिति को देखते हुए सोनू और आसपास मौजूद कांवड़ियों ने तुरंत महिला को पास के पांचली सीएचसी पहुंचाया।

डॉक्टरों ने कराया सुरक्षित प्रसव

सीएचसी पहुंचते ही महिला डॉक्टर रजनी रानी और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने तत्काल उपचार शुरू किया। डॉक्टरों की निगरानी में मनीषा का सामान्य प्रसव कराया गया। उन्होंने एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया।

अस्पताल में प्रसव के बाद जच्चा और बच्चा दोनों को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया।

डॉक्टर बोलीं- मां और बच्चा दोनों स्वस्थ

सीएचसी पांचली में तैनात महिला डॉक्टर रजनी रानी ने बताया कि महिला का सामान्य प्रसव हुआ है और उसने स्वस्थ बेटे को जन्म दिया है। फिलहाल जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।

कांवड़ यात्रा के बीच रास्ते में बेटे के जन्म से परिवार के लिए यह यात्रा यादगार बन गई।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts