बसपा ने सरधना से चौधरी विनीत भराला को बनाया प्रत्याशी
सम्मेलन में बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर
2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों का आगाज, वलिदपुर में कार्यकर्ता सम्मेलन में हुआ ऐलान
मेरठ, 19 अगस्त। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर सरधना विधानसभा क्षेत्र में अपनी चुनावी गतिविधियां तेज कर दी हैं। बुधवार को दौराला थाना क्षेत्र के वलिदपुर गांव में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी ने चौधरी विनीत भराला को सरधना विधानसभा सीट से प्रत्याशी घोषित किया। घोषणा के बाद सम्मेलन में मौजूद कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह नजर आया।
सरकार पर साधा निशाना
कार्यकर्ता सम्मेलन में बसपा नेताओं ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए पार्टी की नीतियों और पूर्ववर्ती बसपा शासनकाल के कार्यों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। बसपा नेता विक्रम सिंह जाटव ने गेस्ट हाउस कांड का उल्लेख करते हुए मौजूदा सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और कहा कि जनता के बीच सरकार को लेकर असंतोष है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से बसपा शासनकाल में हुए विकास कार्यों और जनहित की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने की अपील की।
बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर
सम्मेलन में वक्ताओं ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन के लिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना जरूरी है। कार्यकर्ताओं से जनता के बीच लगातार संपर्क बढ़ाने और पार्टी की नीतियों को आम लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता इमरान कुरैशी, विक्रम सिंह जाटव, सतपाल पेपला और मेघानन्द जाटव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
विनीत भराला ने जताया आभार
सरधना सीट से प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद चौधरी विनीत भराला ने पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वह संगठन के साथ मिलकर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटेंगे और क्षेत्र में कार्यकर्ताओं के साथ जनता से सीधा संवाद स्थापित करेंगे।
कार्यकर्ता सम्मेलन के साथ ही बसपा ने सरधना विधानसभा सीट पर 2027 के चुनावी अभियान की औपचारिक शुरुआत कर दी है।


No comments:
Post a Comment