अनमोल टीवी ने शुरू किया पहला ओरिजिनल शो ‘हमारी राधा’
शादी, रिश्तों और बदलती सोच के बीच महिला के सफर की कहानी; सिमरन कौर, अक्षय म्हात्रे और वैदेही नायर मुख्य भूमिकाओं में
लखनऊ । ज़ी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड (ZEEL) के फ्री-टू-एयर हिंदी जनरल एंटरटेनमेंट चैनल अनमोल टीवी ने अपने पहले ओरिजिनल शो ‘हमारी राधा’ के साथ नई शुरुआत की है। शो में सिमरन कौर, अक्षय म्हात्रे और वैदेही नायर प्रमुख भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। ‘हमारी राधा’ का प्रसारण प्रतिदिन रात 9:30 बजे किया जा रहा है।
शो की कहानी उत्तर प्रदेश के किशनपुर की रहने वाली राधा के इर्द-गिर्द घूमती है, जो शादी के बाद अपने पति गिरधर के साथ मुंबई में बस जाती है। राधा अपनी जड़ों और संस्कारों से जुड़ी है, जबकि गिरधर आधुनिक शहरी जीवनशैली और बदलती सोच की ओर बढ़ रहा है। दोनों की अलग-अलग सोच धीरे-धीरे उनके रिश्ते में दूरियां पैदा करने लगती है।
इसी बीच गिरधर अपने ऑफिस में काम करने वाली आधुनिक सोच की शनाया के करीब आने लगता है। ऐसे में राधा के सामने अपने वैवाहिक जीवन की सच्चाई का सामना करने और अपने रिश्ते को बचाने की चुनौती खड़ी हो जाती है। कहानी आगे बढ़ते हुए यह भी दिखाती है कि बदलते रिश्तों और परिस्थितियों के बीच राधा किस तरह अपनी पहचान और आत्मसम्मान के लिए खड़ी होती है।
एफटीए दर्शकों से जुड़ने का प्रयास
ज़ी टीवी और एफटीए के चीफ चैनल ऑफिसर मंगेश कुलकर्णी ने कहा कि अनमोल टीवी के पहले ओरिजिनल शो के रूप में ‘हमारी राधा’ चैनल के कंटेंट सफर में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि चैनल का उद्देश्य एफटीए दर्शकों के लिए ऐसी नई कहानियां प्रस्तुत करना है, जो उनकी जिंदगी, मूल्यों और उम्मीदों से जुड़ी हों।
उन्होंने कहा कि राधा का सफर एक ऐसी मजबूत महिला की कहानी है, जो अपनी जड़ों से जुड़े रहते हुए बदलती दुनिया के बीच खुद को संभालती है।
राधा के किरदार में सिमरन कौर
राधा का किरदार निभा रहीं सिमरन कौर ने कहा कि राधा सरल, उत्साही और अपने संस्कारों से गहराई से जुड़ी हुई है। हालांकि, परिस्थितियां बदलने के साथ उसके व्यक्तित्व का एक मजबूत पक्ष सामने आता है। सिमरन के मुताबिक, राधा अपने रिश्तों को दिल से मानती है, लेकिन जब उसकी शादी मुश्किल दौर से गुजरती है तो वह अपने लिए खड़ा होना भी सीखती है।
इच्छाओं और जिम्मेदारियों के बीच उलझा गिरधर
अक्षय म्हात्रे गिरधर मौर्या की भूमिका में हैं। उन्होंने बताया कि गिरधर बेहतर जिंदगी की चाह रखने वाला व्यक्ति है, लेकिन उसके फैसले उसे धीरे-धीरे ऐसी परिस्थितियों में पहुंचा देते हैं, जिनकी उसने कल्पना नहीं की थी। किरदार में इच्छाओं और जिम्मेदारियों के बीच संघर्ष को अक्षय ने सबसे दिलचस्प पहलू बताया।
आधुनिक सोच वाली शनाया
वैदेही नायर शो में शनाया श्रीवास्तव की भूमिका निभा रही हैं। उनके अनुसार शनाया आत्मविश्वासी, आधुनिक और अपने लक्ष्य को लेकर स्पष्ट सोच रखने वाली महिला है। वह राधा और गिरधर की दुनिया में अलग सोच लेकर आती है और उसकी मौजूदगी कहानी के रिश्तों और उनके बीच के समीकरणों को प्रभावित करती है।
‘हमारी राधा’ का प्रसारण प्रतिदिन रात 9:30 बजे सिर्फ अनमोल टीवी पर किया जा रहा है।


No comments:
Post a Comment