इंचौली में दामाद की संदिग्ध मौत, ससुरालियों पर पीट-पीटकर हत्या का आरोप

ढाई लाख रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद, ससुर और दो सालों के खिलाफ तहरीर

मेरठ। इंचौली कस्बे में पैसों के लेनदेन को लेकर ससुराल पक्ष के लोगों पर दामाद की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगा है। परिजनों ने ससुरालियों के खिलाफ इंचौली थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

मूलरूप से बड़ौत, बागपत निवासी 28 वर्षीय उस्मान अपने परिवार के साथ इंचौली में छप्पर वाली मस्जिद के पास किराये के मकान में रहता था। वह मजदूरी करता था। करीब 11 साल पहले उसकी शादी इंचौली निवासी रिहाना से हुई थी।

परिजनों के अनुसार, सोमवार रात उस्मान के ससुर हबीब और साले शहजाद व इमरान ने लाठी-डंडों से उसकी पिटाई की। मंगलवार सुबह जब परिजनों ने उसे उठाने का प्रयास किया तो उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर इंचौली पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।

मृतक की बहन गुलशन ने आरोप लगाया कि उस्मान ने ससुराल पक्ष को लॉटरी के करीब ढाई लाख रुपये दिए थे। वह जब रकम वापस मांगता था तो उसके साथ मारपीट की जाती थी। बताया गया कि गुलशन और उस्मान की पत्नी रिहाना के बीच कहासुनी के बाद उस्मान और रिहाना में विवाद हुआ था। इसके बाद ससुराल पक्ष के लोगों ने उस्मान पर हमला कर दिया।

एसओ इंचौली कर्मवीर सिंह ने बताया कि उस्मान के शराब पीने का आदी होने की जानकारी मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतक के छोटे भाई इमरान ने ससुर हबीब और सालों शहजाद व इमरान के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है।

उस्मान छह भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था। उसके परिवार में पत्नी रिहाना और चार बच्चे रिहान, फैजान, साईबा व शहजान हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts