प्रेमी के साथ मिलकर मां ने की छह माह के मासूम बेटे की हत्या

वैशाली कॉलोनी के नाले में मिला था शव, सहारनपुर से लापता हुआ था बच्चा; मां और प्रेमी गिरफ्तार

मेरठ। नौचंदी थाना क्षेत्र की वैशाली कॉलोनी के पास नाले में मिले छह माह के मासूम की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक मासूम की हत्या उसकी मां शबाना ने अपने प्रेमी विशाल के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार 13 जुलाई को वैशाली कॉलोनी के पास नाले में कबाड़ बीनने वाले एक युवक ने पानी में मासूम का शव देखा था। पुलिस ने शव बरामद कर शिनाख्त का प्रयास किया, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। 72 घंटे बाद नियमानुसार बच्चे का अंतिम संस्कार करा दिया गया।

कुछ दिन बाद सहारनपुर के गंगोह थाने से बच्चे के परिजन मेरठ पहुंचे। उन्होंने बताया कि छह माह का समीर लापता है और उसे उसकी मां शबाना घर से लेकर निकली थी। नौचंदी पुलिस ने नाले से मिले बच्चे की तस्वीर दिखाई तो पिता इमरान ने उसकी पहचान अपने बेटे समीर के रूप में की।

पूछताछ में खुला हत्या का राज

पुलिस ने शबाना से पूछताछ की तो वह बच्चे के संबंध में गोलमोल जवाब देने लगी। सख्ती से पूछताछ में उसने प्रेमी विशाल के साथ मिलकर वारदात की बात कबूल की। इसके बाद बच्चे के पिता की ओर से गंगोह थाने में दोनों के खिलाफ हत्या की जीरो एफआईआर दर्ज कराई गई, जिसे बाद में नौचंदी थाने स्थानांतरित किया गया।

पुलिस के अनुसार, वारदात वाली रात शबाना और विशाल मेरठ आए थे। विशाल ने बच्चे को साथ ले जाने से इनकार किया। बाद में उसने बच्चे को अपनी गोद में लिया और यह कहकर चला गया कि उसे अपने दोस्त के यहां छोड़कर आ रहा है। कुछ देर बाद लौटकर उसने शबाना से बच्चे को सुरक्षित छोड़ आने की बात कही, जबकि पुलिस जांच में दोनों की साजिश सामने आई।

पुलिस ने शबाना को मेरठ और विशाल को हापुड़ के मुदाफरा से गिरफ्तार किया। दोनों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की गई, जिसके बाद मामले की पूरी कड़ी सामने आई। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले के अनुसार, दोनों की जघन्य वारदात में सीधी संलिप्तता सामने आने पर उन्हें गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की गई है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts