आनंद विहार नमो भारत स्टेशन पर बुक फेयर में उमड़ रही किताब प्रेमियों की भीड़
20 हजार से अधिक किताबों का कलेक्शन, 23 अगस्त तक चलेगा 10 दिवसीय ‘स्टोरीबॉक्स’ बुक फेयर
मेरठ। आनंद विहार नमो भारत स्टेशन इन दिनों किताब प्रेमियों के लिए आकर्षण का नया केंद्र बना हुआ है। स्टेशन पर आयोजित 10 दिवसीय ‘स्टोरीबॉक्स’ बुक फेयर में दूर-दूर से पाठक पहुंच रहे हैं। यहां 20 हजार से अधिक मूल किताबों का कलेक्शन उपलब्ध है, जहां लोग अपनी पसंद की किताबें देख, चुन और खरीदकर घर ले जा रहे हैं।
14 अगस्त से शुरू हुआ यह बुक फेयर 23 अगस्त तक सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक आगंतुकों के लिए खुला रहेगा।
बुक फेयर में सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र इसका अनूठा बॉक्स आधारित खरीदारी विकल्प है। पाठकों को अलग-अलग किताबें खरीदने के बजाय दो आकार के बॉक्स—स्टोरीबॉक्स मिनी और स्टोरीबॉक्स बिगी—का विकल्प दिया गया है। पाठक अपनी पसंद और बजट के अनुसार बॉक्स चुनकर उसमें जितनी किताबें आसानी से समा सकें, उतनी किताबें भर सकते हैं और तय कीमत पर पूरा बॉक्स खरीद सकते हैं।
इस व्यवस्था के कारण पाठक अलग-अलग शैलियों की किताबों में से अपनी पसंद की किताबें चुनकर एक ही बॉक्स में अपना व्यक्तिगत कलेक्शन तैयार कर पा रहे हैं। इससे किताबें खरीदने का अनुभव भी लोगों के लिए अधिक रोचक बन गया है।
बुक फेयर में हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में फिक्शन, नॉन-फिक्शन, बच्चों की किताबों समेत विभिन्न विषयों की पुस्तकें उपलब्ध हैं। इसके अलावा आगंतुकों को लेखकों से मिलने, ‘मीट एंड ग्रीट’ सत्र में हिस्सा लेने और किताबों पर ऑटोग्राफ लेने का अवसर भी मिल रहा है। एक्सक्लूसिव प्री-ऑर्डर, मर्चेंडाइज और किताबों से जुड़े अन्य अनुभव भी यहां उपलब्ध हैं।
स्टेशन पर आयोजित यह पुस्तक मेला यात्रियों के रोजमर्रा के सफर में पढ़ने को सहज और मनोरंजक अनुभव से जोड़ रहा है। छात्र, दैनिक यात्री, परिवार और अन्य आगंतुक सफर के बीच कुछ समय निकालकर अपनी पसंद की किताबें तलाश रहे हैं। इस तरह स्टेशन पर किताबों के माध्यम से लोगों को साहित्य की दुनिया से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।
आनंद विहार क्षेत्र के प्रमुख मल्टीमॉडल परिवहन केंद्रों में शामिल है, जहां सार्वजनिक परिवहन के विभिन्न साधनों से कनेक्टिविटी उपलब्ध है। इससे बुक फेयर तक पहुंचना यात्रियों और अन्य आगंतुकों के लिए आसान हो गया है।
एनसीआरटीसी की यह पहल नमो भारत स्टेशनों को जीवंत सोशल हब के रूप में विकसित करने के प्रयासों का हिस्सा है। इसके तहत यात्रियों को कला, संस्कृति, इतिहास, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़े नए अनुभव उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। बुक फेयर के माध्यम से लोगों को भागदौड़ भरी दिनचर्या के बीच कुछ समय किताबों के साथ बिताने और पढ़ने की आदत से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।


No comments:
Post a Comment