खेल महोत्सव में एसडी सदर और विजन एकेडमी का दबदबा, हॉकी खिताब पर जमाया कब्जा

अंडर-14 में एसडी सदर और अंडर-17 में विजन एकेडमी बनी चैंपियन

मेरठ। खेल महोत्सव 2026 ‘पंख हौसलों की उड़ान’ संस्था के तत्वावधान में राष्ट्रीय खेल दिवस और हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में गुरुवार को सनातन धर्म इंटर कॉलेज, सदर के मैदान पर अंडर-14 और अंडर-17 बालक हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में युवा खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया और मुकाबले रोमांचक रहे।

एसडी सदर ने डीएवी सदर को हराया

अंडर-14 वर्ग के फाइनल में एसडी सदर और डीएवी सदर की टीमें आमने-सामने रहीं। कड़े मुकाबले में एसडी सदर ने डीएवी सदर को 2-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया। एसडी सदर के लिए कृष्णा लोधी ने 17वें और अनमोल चौहान ने 24वें मिनट में गोल किया। डीएवी सदर की ओर से निशांत ने एक गोल किया।

विजन एकेडमी ने डीएन कॉलेज को दी शिकस्त

अंडर-17 वर्ग के फाइनल में विजन एकेडमी और डीएन कॉलेज के बीच मुकाबला हुआ। विजन एकेडमी ने दमदार प्रदर्शन करते हुए डीएन कॉलेज को 2-0 से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। विजन एकेडमी की ओर से राघव और अवनीश ने एक-एक गोल किया।

मैच में निर्णायक की भूमिका संदीप चौधरी और अर्पित शर्मा ने निभाई।

विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित

समापन समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. जेवी चिकारा, विपिन भड़ाना, भावना शर्मा, कैप्टन बलवंत सिंह, प्रधानाचार्य अरुण कुमार गर्ग, कार्यक्रम संयोजक जोगिंदर सिंह, संदीप चौधरी, कवितपाल, रजनीश मित्तल और नईमुद्दीन ने विजेता व उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया।

आयोजकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

प्रधानाचार्य अरुण कुमार गर्ग ने मुख्य अतिथियों का बुके भेंट कर स्वागत किया और आयोजन के सफल संचालन के लिए सभी का आभार जताया।

प्रतियोगिता का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच उपलब्ध कराना और नई पीढ़ी में हॉकी के प्रति रुचि बढ़ाना रहा। आयोजन में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेलप्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts