फरीद की मौत मामले में नया मोड़, चार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज

मेरठ। भावनपुर थाना क्षेत्र के पचपेड़ा गांव में फरीद की मौत के मामले में मंगलवार को नया मोड़ आ गया। पुलिस ने प्रेम प्रसंग के शक में हत्या के आरोप में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। फरीद का शव 10 जुलाई को गांव के एक खाली मकान में फंदे पर लटका मिला था।

फरीद के पिता साजिद ने शुरुआत से ही बेटे की मौत को आत्महत्या मानने से इनकार किया था। उनका आरोप था कि फरीद का गांव की एक महिला से प्रेम प्रसंग था। इसी को लेकर महिला के पति और परिजनों ने उसके बेटे की हत्या कर शव को फंदे पर लटका दिया।

जिलाधिकारी के आदेश पर दोबारा पोस्टमार्टम

परिजनों ने पुलिस से शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की थी। मामले में कार्रवाई नहीं होने पर साजिद ने अधिकारियों से गुहार लगाई। जिलाधिकारी के आदेश के बाद मजिस्ट्रेट की निगरानी में 30 जुलाई को फरीद का शव कब्र से निकालकर दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद परिजन हत्या का मुकदमा दर्ज कराने की मांग कर रहे थे। साजिद का आरोप है कि इस दौरान उन्हें दूसरे पक्ष की ओर से धमकियां भी मिलती रहीं।

चार लोगों के खिलाफ केस

साजिद के अनुसार, अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद भावनपुर थाने में पचपेड़ा निवासी सद्दाम, हबीब, यामीन और कासिम के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। परिजनों ने पुलिस से सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

साजिद का आरोप है कि सद्दाम और हबीब के खिलाफ पहले से कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं और गांव में उनका दबदबा है। उन्होंने इसी दबंगई को अपने बेटे की मौत से जोड़ते हुए निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हत्या के आरोपों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts