जमीन विवाद में बड़े भाई को चाकू मारा, मौत

 चचेरे भाई ने दोस्त संग मिलकर की हत्या

बुलंदशहर।यूपी के बुलंदशहर में पारिवारिक रंजिश को लेकर छोटे भाई ने अपने बड़े भाई की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। घटना रात करीब 12 बजे की है। आरोपी भाई और उसका दोस्त दीवार फांदकर घर में दाखिल हुए और बुजुर्ग के सिर, पीठ और छाती पर पर चाकू से ताबड़तोड़ करीब 15 वार कर दिए।

घटना के तीन घंटे के भीतर ही पुलिस की तीन टीमों ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं पुलिस को जांच के दौरान एक सीसीटीवी फुटेज मिला है, जिसमें वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से भागते दिख रहे हैं। परिजनों ने बताया– दोनों परिवारों के बीच जमीन बंटवारे को लेकर करीब 10 साल से रंजिश चल रही थी। मामला जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर छतारी थाना क्षेत्र के नारऊ गांव का है।

छतारी थाना क्षेत्र के नारऊ गांव निवासी आनंदस्वरूप (64) बीती रात घर के बरामदे में सो रहे थे। रात करीब 12 बजे पड़ोस में रहने वाला चचेरा भाई अभिषेक शर्मा और उसका एक दोस्त दीवार फांदकर घर में दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने सो रहे आनंदस्वरूप पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

आरोपियों ने उनके सीने, पीठ और गले पर करीब 15 वार किए। हमले में गंभीर रूप से घायल आनंदस्वरूप ने चीख-पुकार की। आवाज सुनकर परिवार के लोग जाग गए और आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। हालांकि, तब तक अत्यधिक खून बहने के कारण उनकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही छतारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी देहात अंतरिक्ष जैन और सीओ डिबाई भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। पुलिस को मौके पर एक तमंचा भी बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के मुताबिक, हत्या के पीछे पारिवारिक रंजिश सामने आई है। बताया जा रहा है कि आनंदस्वरूप और उनके चचेरे भाई के बीच 12 बीघा पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर करीब 10 साल से विवाद और रंजिश चली आ रही थी। मृतक के परिजनों ने इसी रंजिश को हत्या की वजह बताते हुए चचेरे भाई के खिलाफ नामजद तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।

तीन टीमों ने तीन घंटे में आरोपियों को दबोचा
पुलिस ने शनिवार सुबह कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें मृतक का चचेरा भाई और उसका दोस्त शामिल हैं। दोनों आरोपी मृतक के पड़ोस में ही रहते हैं।

एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने हत्या में शामिल होने की बात स्वीकार की है। जमीन बंटवारे को लेकर लंबे समय से चली आ रही रंजिश ही वारदात की वजह सामने आई है। दोनों आरोपियों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts