बंगाल में पाकिस्तानी नागरिक समेत दो गिरफ्तार

कोलकाता (एजेंसी)।पश्चिम बंगाल से सटी भारत-बांग्लादेश सीमा के पास एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पाकिस्तानी नागरिक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। सूचना मिलने के बाद एसटीएफ ने कार्रवाई को अंजाम दिया। अधिकारियों के मुताबिक, पकड़े गए पाकिस्तानी नागरिक की पहचान फैसलाबाद निवासी राणा रऊफ उर्फ वहाब आलम के तौर पर हुई है। उसे एसटीएफ जवानों ने बनगांव इलाके में तलाशी अभियान चलाकर गिरफ्तार किया।
मामले की जांच कर रहे अधिकारियों को संदेह है कि राणा रऊफ के संबंध पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसाई से हैं। सुरक्षा अधिकारी भारत में उसकी गतिविधियों, संपर्कों और आवाजाही की सघन जांच कर रहे हैं।
वहीं, एक अन्य व्यक्ति को बीती देर रात टॉपसिया से गिरफ्तार किया गया। जांच अधिकारियों को आशंका है कि उसके रऊफ से सीधे संपर्क थे और उसने कई मामलों में रऊफ की मदद की थी। हालांकि, अधिकारियों ने उस व्यक्ति की पहचान उजागर नहीं की है।
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, पाकिस्तानी नागरिक राणा रऊफ 2012 में नेपाल के रास्ते अवैध रूप से भारत में दाखिल हुआ था। एक अधिकारी ने बताया कि भारत आने से पहले वह कुछ समय नेपाल में भी रहा था और बाद में पश्चिम बंगाल में बस गया।
सुरक्षा एजेंसियों को शक है कि रऊफ देश में विभिन्न ट्रेनों और सशस्त्र बलों की गतिविधियों पर नजर रख रहा था। एसटीएफ अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि वह किस तरह की जानकारी जुटा रहा था और क्या यह जानकारी देश के बाहर किसी व्यक्ति या संगठन को भेजी जा रही थी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts