राखी पर नमो भारत में उमड़ी भीड़, एनसीआरटीसी ने एक दिन पहले का रिकॉर्ड तोड़ा

47 अतिरिक्त फेरे बढ़ाए, हर आठ मिनट में मिली ट्रेन; खुफिया अलर्ट के बाद स्टेशनों पर एसएसएफ का पहरा

डॉग स्क्वायड के साथ चला सघन सर्च ऑपरेशन

मेरठ। रक्षाबंधन पर यात्रियों की बढ़ी संख्या को देखते हुए मेरठ-दिल्ली नमो भारत कॉरिडोर पर 47 अतिरिक्त फेरे लगाए गए। इसके चलते यात्रियों को हर आठ मिनट में नमो भारत ट्रेन की सुविधा मिली। सुबह से शुरू हुई यात्रियों की भीड़ देर रात तक स्टेशनों पर बनी रही। बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ त्योहार मनाने और अपने स्वजन से मिलने के लिए नमो भारत से सफर करते नजर आए।

शुक्रवार को एनसीआरटीसी ने एक दिन पहले बनाए गए 1.55 लाख यात्रियों के प्रतिदिन के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया। रात साढ़े सात बजे तक नमो भारत और मेट्रो में 1.58 लाख यात्री सफर कर चुके थे। यात्रियों की बढ़ी संख्या को देखते हुए अतिरिक्त फेरों के साथ स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई।

खुफिया इनपुट के बाद बढ़ाई सुरक्षा

यात्रियों की भारी भीड़ और खुफिया इनपुट को देखते हुए नमो भारत स्टेशनों पर यूपी एसएसएफ ने सुरक्षा बढ़ा दी। सेनानायक एमपी सिंह के नेतृत्व में उप सेनानायक राशिद अली ने टीम के साथ स्टेशनों और आसपास के क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। डॉग स्क्वायड की मदद से स्टेशन परिसर, पार्किंग और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध वस्तुओं की जांच की गई।

एसएसएफ जवानों ने संदिग्ध व्यक्तियों, लावारिस सामान और अन्य वस्तुओं की बारीकी से तलाशी ली। स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों और उनकी गतिविधियों पर भी नजर रखी गई। सुरक्षा जांच के दौरान बीडीडीएस टीम और स्टेशन पेट्रोलिंग ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।

हर गतिविधि पर नजर रखने के निर्देश

अधिकारियों ने सुरक्षा कर्मचारियों को निर्देश दिए कि त्योहार के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ने के कारण हर गतिविधि पर नजर रखें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी मिलने पर तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित करने को कहा गया।

नशे में यात्रियों के प्रवेश पर रोक

उप सेनानायक राशिद अली ने बताया कि यात्रियों के सामान की सघन जांच की जा रही है। नशे की हालत में किसी भी यात्री को स्टेशन परिसर अथवा ट्रेन में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। स्टेशन से लेकर ट्रेन तक सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष फोकस रखा गया।

देर रात तक बनी रही भीड़

रक्षाबंधन के कारण सुबह से ही नमो भारत और मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ दिखाई दी। अतिरिक्त फेरों के बावजूद कई समय यात्रियों का दबाव बना रहा। परिवार के साथ यात्रा करने वालों के अलावा बड़ी संख्या में बहनें भी भाइयों के घर जाने के लिए नमो भारत का सहारा लेती नजर आईं। देर रात तक स्टेशनों पर यात्रियों की आवाजाही बनी रही।

रक्षाबंधन पर अतिरिक्त फेरों और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के चलते यात्रियों की बढ़ी संख्या को संभालने में मदद मिली।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts