ममता बनर्जी की कार पर पथराव, बोलीं- खिड़की खुली होती तो फट जाता सिर

टीएमसी कार्यकर्ता के परिजनों से मिलने बैरकपुर पहुंची थीं पूर्व मुख्यमंत्री, पुलिस की मौजूदगी में हमले का लगाया आरोप

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने रविवार को अपनी कार पर पथराव किए जाने का आरोप लगाया। वह बैरकपुर में पुलिस हिरासत में मारे गए टीएमसी कार्यकर्ता के परिजनों से मिलने जा रही थीं। ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि पुलिस की मौजूदगी में उनकी कार पर बड़े-बड़े पत्थर फेंके गए और उनके खिलाफ ‘चोर-चोर’ के नारे लगाए गए।

ममता बनर्जी ने कहा कि पथराव इतना जोरदार था कि यदि कार की खिड़कियां खुली होतीं तो उनका सिर फट सकता था। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना पुलिस के सामने हुई, लेकिन पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की। ममता ने पश्चिम बंगाल पुलिस पर भाजपा को सुरक्षा देने का भी आरोप लगाया।

‘हम सब मारे जा सकते थे’

ममता बनर्जी ने घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि पुलिस के सामने ही असामाजिक तत्वों ने उनकी कार पर बड़े पत्थर फेंके। उन्होंने कहा कि यदि खिड़कियां खुली होतीं तो गंभीर चोट लग सकती थी और कार में सवार लोग मारे भी जा सकते थे। उन्होंने कहा कि उन्होंने पहले कभी इस तरह की घटना नहीं देखी।

भाजपा ने की घटना की निंदा

ममता बनर्जी की कार पर पथराव के आरोपों पर भाजपा ने भी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री की गाड़ी पर पत्थर, मिट्टी या चप्पल फेंकने जैसी किसी भी घटना का भाजपा समर्थन नहीं करती। उन्होंने कहा कि भाजपा का कोई कार्यकर्ता इस घटना में शामिल नहीं है।

भाजपा नेता ने कहा कि यदि घटना हुई है तो पुलिस को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से पश्चिम बंगाल की छवि खराब होती है और उनकी पार्टी पूर्व महिला मुख्यमंत्री के साथ इस तरह के व्यवहार का समर्थन नहीं करती।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts