मेरठ जोन में 7 महीने में 486 साइबर अपराधी गिरफ्तार
84.40 करोड़ की ऑनलाइन ठगी, पुलिस ने 37.28 करोड़ रुपये फ्रीज कराए
मेरठ। साइबर अपराध के खिलाफ मेरठ जोन पुलिस ने इस साल बड़े स्तर पर कार्रवाई की है। 1 जनवरी से 31 जुलाई 2026 तक पुलिस ने 486 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा। इस दौरान राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर ऑनलाइन ठगी से जुड़ी 25,220 शिकायतें दर्ज हुईं। इनमें पीड़ितों से कुल 84.40 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की गई।
पुलिस और साइबर टीमों ने बैंकों व अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर कार्रवाई करते हुए ठगी की रकम में से 37.28 करोड़ रुपये विभिन्न बैंक खातों में फ्रीज करा दिए। पुलिस के अनुसार करीब 44.30 प्रतिशत रकम अपराधियों तक पहुंचने से पहले ही रोक ली गई।
19,888 शिकायतें वित्तीय साइबर अपराध की
पोर्टल पर दर्ज 25,220 शिकायतों में से 19,888 मामले वित्तीय साइबर अपराध से संबंधित रहे। इन मामलों में पीड़ितों से 84.40 करोड़ रुपये की ऑनलाइन ठगी हुई। शिकायत मिलते ही साइबर पुलिस ने संबंधित बैंकों और एजेंसियों से संपर्क कर खातों में रकम फ्रीज कराने की कार्रवाई की।
1.41 करोड़ रुपये पीड़ितों को वापस
मेरठ जोन के एडीजी भानु भास्कर ने बताया कि साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। फ्रीज कराई गई रकम में से 1.41 करोड़ रुपये पीड़ितों के खातों में वापस भी कराए जा चुके हैं। इससे ठगी का शिकार हुए कई लोगों को राहत मिली है।
7 जुलाई से ऑपरेशन साइवज्र
साइबर अपराधियों और उनके नेटवर्क के खिलाफ 7 जुलाई से ‘ऑपरेशन साइवज्र’ चलाया जा रहा है। इस विशेष संयुक्त अभियान के तहत प्रदेशभर में साइबर गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। अब तक अभियान में 170 से अधिक मुकदमे दर्ज किए गए हैं, जबकि 185 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी देशभर में दर्ज 5,533 साइबर अपराध के मामलों में संलिप्त रहे हैं। पुलिस अब इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों और सहयोगियों की भी तलाश कर रही है।
शिकायत मिलते ही खाते फ्रीज कराने पर जोर
एडीजी भानु भास्कर ने कहा कि साइबर पुलिस बैंकों और अन्य एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय बनाकर काम कर रही है। शिकायत मिलने के तत्काल बाद संदिग्ध बैंक खातों को फ्रीज कराने की कार्रवाई की जा रही है, जिससे ठगी की रकम को अपराधियों तक पहुंचने से पहले रोका जा सके। उन्होंने लोगों से अपील की कि साइबर ठगी होने पर बिना देरी किए शिकायत दर्ज कराएं।


No comments:
Post a Comment