वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, 57 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त
15 साल 157 दिन की उम्र में दलीप ट्रॉफी में जड़ा अर्धशतक, सबसे कम उम्र में फिफ्टी लगाने वाले बल्लेबाज बने
बेंगलुरु। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने दलीप ट्रॉफी के सेमीफाइनल में शानदार अर्धशतक लगाकर इतिहास रच दिया। 15 साल 157 दिन की उम्र में फिफ्टी जमाकर वैभव दलीप ट्रॉफी में अर्धशतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बन गए। उन्होंने 57 साल पुराने रिकॉर्ड को अपने नाम कर लिया।
सेंट्रल ऑफ एक्सीलेंस, बेंगलुरु में ईस्ट जोन और सेंट्रल जोन के बीच खेले जा रहे पहले सेमीफाइनल में ईस्ट जोन की ओर से पारी की शुरुआत करने उतरे वैभव ने महज 42 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने ऑफ स्पिनर सारांश जैन की गेंद पर छक्का लगाकर पचासा पूरा किया।
16 साल की उम्र का रिकॉर्ड टूटा
इससे पहले दलीप ट्रॉफी में सबसे कम उम्र में अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड लक्ष्मण सिंह के नाम था। उन्होंने 1969 में 16 साल 23 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की थी। वैभव ने महज 15 साल 157 दिन की उम्र में अर्धशतक लगाकर करीब 57 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया।
ईस्ट जोन के उपकप्तान हैं वैभव
वैभव सूर्यवंशी इस मुकाबले में ईस्ट जोन की टीम के उपकप्तान की भूमिका निभा रहे हैं। कम उम्र में ही उन्होंने घरेलू क्रिकेट में लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन कर अपनी पहचान बनाई है। सेमीफाइनल में उनकी तेजतर्रार बल्लेबाजी ने एक बार फिर उनकी प्रतिभा की झलक दिखाई।
छक्के के साथ रिकॉर्डतोड़ फिफ्टी पूरी करने वाले वैभव ने दलीप ट्रॉफी के इतिहास में अपना नाम सबसे कम उम्र में अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज के रूप में दर्ज करा लिया।


No comments:
Post a Comment