आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ ने लॉन्च किया बीएसई 500 मोमेंटम वैल्यू 50 इंडेक्स फंड
मेरठ। आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस ने बीएसई 500 मोमेंटम वैल्यू 50 इंडेक्स फंड लॉन्च किया है। यह ‘वैल्यू और मोमेंटम’ आधारित निवेश विकल्प है, जो चुनिंदा यूनिट-लिंक्ड इंश्योरेंस प्लान (यूलिप) के जरिए ग्राहकों को दीर्घकालिक स्तर पर इक्विटी में निवेश का अवसर प्रदान करता है।
कंपनी के मुख्य निवेश अधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि बीएसई 500 मोमेंटम वैल्यू 50 इंडेक्स फंड ग्राहकों को अनुशासित और पारदर्शी निवेश रणनीति उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इसमें निवेश के दो महत्वपूर्ण कारकों—वैल्यू और मोमेंटम—को जोड़ा गया है। आकर्षक मूल्यांकन जहां बेहतर मूल्य पर खरीद का भरोसा दे सकता है, वहीं सकारात्मक रुझान बाजार में बढ़ते भरोसे का संकेत हो सकता है। दोनों कारकों को मिलाकर ऐसी कंपनियों की पहचान की जाती है, जो इन दोनों पैमानों पर मजबूत नजर आती हैं।
उन्होंने बताया कि रणनीति के तहत व्यवस्थित दृष्टिकोण अपनाया जाता है और पोर्टफोलियो की तिमाही समीक्षा की जाती है। इससे बदलते बाजार मूल्यांकन और रुझान के अनुसार पोर्टफोलियो को विकसित करने में मदद मिलती है। कंपनी के अनुसार, यह तरीका ग्राहकों को निवेश अनुशासन बनाए रखते हुए दीर्घकालिक इक्विटी वृद्धि में भाग लेने का एक अलग विकल्प देता है।
यह फंड बीएसई 500 खंड से चुनी गई 50 कंपनियों के विविधीकृत समूह में निवेश करेगा और आईसीआईसीआई प्रू बीएसई 500 मोमेंटम वैल्यू 50 कस्टमाइज्ड इंडेक्स का अनुसरण करेगा। नियामकीय दिशानिर्देशों के कारण यदि किसी स्टॉक का चयन संभव नहीं होता है तो 50 स्टॉक्स का समूह बनाए रखने के लिए अगले योग्य स्टॉक का चयन किया जाएगा। नियम आधारित यह प्रक्रिया बाजार मूल्यांकन और रुझान में बदलाव के अनुसार समय-समय पर पोर्टफोलियो में बदलाव की सुविधा देती है।
कंपनी के अनुसार, वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में उसका दावा निपटान अनुपात 99.3 प्रतिशत रहा। बिना जांच वाले व्यक्तिगत दावों का औसत निपटान समय एक दिन बताया गया है। 30 जून 2026 तक कंपनी की प्रबंधनाधीन परिसंपत्ति (एयूएम) 3.34 लाख करोड़ रुपये रही। कंपनी के अनुसार, शुरुआत से ही उसकी गैर-निष्पादित परिसंपत्तियां (एनपीए) शून्य रही हैं।
आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ बीएसई 500 मोमेंटम वैल्यू 50 इंडेक्स फंड आईसीआईसीआई प्रू स्मार्टकिड एश्योर, आईसीआईसीआई प्रू सिग्नेचर एश्योर, आईसीआईसीआई प्रू सिग्नेचर ऑनलाइन और आईसीआईसीआई प्रू स्मार्ट इंश्योरेंस प्लान प्लस जैसी यूलिप पेशकशों के साथ-साथ लाइफ कवर के जरिए उपलब्ध होगा। यह कंपनी की वेबसाइट पर भी उपलब्ध है।


No comments:
Post a Comment