वंदे भारत एक्सप्रेस से टकराई लकड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली, 41 मिनट रुकी ट्रेन
हजारीबाग में आधी रात को टला बड़ा रेल हादसा, यात्रियों में मची अफरा-तफरी
हजारीबाग। जिले में देर रात बड़ा रेल हादसा होने से टल गया। चरही और बेस रेलवे स्टेशन के बीच रांची से पटना जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस की पटरी पर अचानक आई लकड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ट्रेन को मामूली नुकसान पहुंचा, हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी यात्री या अन्य व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना के बाद ट्रेन के चालक ने तत्परता दिखाते हुए वंदे भारत एक्सप्रेस को रोक दिया। ट्रेन करीब 41 मिनट तक घटनास्थल पर खड़ी रही। हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गए।
इसके बाद रेलवे की तकनीकी टीम ने ट्रेन की जांच की और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। ट्रैक को सुरक्षित पाए जाने तथा रूट क्लियर होने के बाद ट्रेन को आगे पटना के लिए रवाना किया गया। हादसे के दौरान ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
रेलवे ट्रैक पर ट्रैक्टर-ट्रॉली पहुंचने की घटना ने रेल सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। रेलवे की ओर से हादसे के कारणों और ट्रैक्टर-ट्रॉली के रेलवे ट्रैक तक पहुंचने की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।


No comments:
Post a Comment