दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, 3 कांवड़ियों की मौत
हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे थे अलीगढ़ के तीन युवक, तेज रफ्तार वाहन ने बाइक में पीछे से मारी टक्कर; CCTV से आरोपी वाहन की तलाश
मेरठ । कांवड़ यात्रा के बीच बुधवार तड़के दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भोजपुर क्षेत्र में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन कांवड़ियों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। रेस्क्यू टीम ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान अलीगढ़ निवासी प्रदीप (26), राजकुमार (24) और ज्ञान प्रकाश (29) के रूप में हुई है। बताया गया कि तीनों हरिद्वार से गंगाजल लेकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे।
टक्कर के बाद कई मीटर दूर जा गिरे कांवड़िए
हादसा बुधवार सुबह करीब 4:30 बजे दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर भोजपुर क्षेत्र के पास हुआ। पुलिस के मुताबिक, पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों कांवड़िए उछलकर सड़क पर कई मीटर दूर जा गिरे।
हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
रेस्क्यू टीम ने अस्पताल पहुंचाया
घटना की जानकारी मिलते ही दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे की कांवड़ यात्रा के लिए तैनात विशेष रेस्क्यू टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल मोदीनगर के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
CCTV फुटेज से फरार वाहन की तलाश
सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस एक्सप्रेसवे पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।


No comments:
Post a Comment