28वें कांवड़ सेवा शिविर का शुभारंभ, कांवड़ यात्रा को गिनीज बुक में दर्ज कराने का प्रयास करेंगे: सुनील भराला

स्वामी यतीन्द्रानंद गिरि ने फीता काटकर किया उद्घाटन, भंडारे के साथ चिकित्सालय में कांवड़ यात्रियों को मिलेगी सेवा

मेरठ। प्रकाशवती जीवन सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में पूर्व राज्य मंत्री पंडित सुनील भराला एवं भाजपा किसान मोर्चा पश्चिम उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष अजय भारद्वाज भराला के नेतृत्व में आयोजित 28वें विशाल कांवड़ सेवा शिविर, भंडारे एवं चिकित्सालय का बुधवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ शुभारंभ हुआ। हरिद्वार से पहुंचे जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर स्वामी यतीन्द्रानंद गिरि जी महाराज ने फीता काटकर तथा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन कर शिविर का उद्घाटन किया। इसके बाद श्रद्धालुओं, कार्यकर्ताओं और कांवड़ यात्रियों को प्रसाद वितरित किया गया।

सनातन समाज को संगठित रहने का आह्वान

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वामी यतीन्द्रानंद गिरि ने कहा कि कांवड़ यात्रा सनातन धर्म की प्रमुख और विशाल धार्मिक यात्राओं में शामिल हो चुकी है। मेरठ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोग कांवड़ यात्रियों का श्रद्धा और उत्साह के साथ स्वागत करते हैं। उन्होंने सनातन समाज से धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

उन्होंने पंडित सुनील भराला और अजय भारद्वाज भराला द्वारा लगातार 28 वर्षों से संचालित किए जा रहे सेवा शिविर की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया। उन्होंने आयोजक परिवार के लंबे समय से सामाजिक और राष्ट्रहित के कार्यों से जुड़े रहने का भी उल्लेख किया।

कांवड़ यात्रा को गिनीज बुक में दर्ज कराने का प्रयास

पूर्व राज्य मंत्री सुनील भराला ने कहा कि उनका परिवार लंबे समय से समाज और राष्ट्र की सेवा के कार्यों में जुटा है। उन्होंने अपने पिता लोकतंत्र सेनानी स्वर्गीय पंडित मलखान सिंह भारद्वाज के सामाजिक एवं राजनीतिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर परिवार सेवा कार्यों को आगे बढ़ा रहा है।

भराला ने कहा कि कांवड़ यात्रा देश की सबसे बड़ी सनातन धार्मिक यात्राओं में शामिल हो चुकी है। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने हरिद्वार से दिल्ली और राजस्थान तक कांवड़ मार्ग को और मजबूत करने, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय समेत अन्य सुविधाओं के विस्तार की जरूरत बताई।

उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा की विशालता और सांस्कृतिक महत्व को देखते हुए इसे गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज कराने के लिए प्रयास किए जाएंगे।

मुस्लिम समाज के सहयोग की भी सराहना

शिविर के संयोजक अजय भारद्वाज भराला ने कहा कि मेरठ महानगर और शहर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ता लगातार सेवा कार्यों में सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं, समाजसेवियों और स्वयंसेवकों का आभार जताया। साथ ही शिविर में सेवा कार्यों में सहयोग करने वाले मुस्लिम समाज के नागरिकों का भी विशेष रूप से धन्यवाद किया।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक हरपाल सैनी, भाजपा महानगर महामंत्री नरेंद्र उपाध्याय, भाजपा जिलाध्यक्ष अनुज राठी, देवदत्त शर्मा, हिमांशु गर्ग, मीरा सिंह, पूजा सिंह, सुंदरलाल वर्मा, हरेंद्र काकरान, अंकुर मुखिया, नमन भारद्वाज, प्रेमपाल चौहान, आकाश अग्रवाल, तुषार गुप्ता, मनिंदर विहान, डॉ. राजीव कुमार भारद्वाज, एडवोकेट शिवम भारद्वाज, डॉ. विपिन कश्यप, प्रेमचंद शर्मा, रजत भारद्वाज, ब्रजपाल शर्मा, दीपक पिपलानी, अंकुर सक्सेना, उमेश कुमार शर्मा, डॉ. दुर्गेश पालीवाल, डॉ. गौरव शर्मा, डॉ. विश्वबंधु शर्मा, अर्जुन सिंह, हरिओम दत्त, सलीम खान, इरफान खान और अरुण शर्मा समेत बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, समाजसेवी, चिकित्सक, कार्यकर्ता एवं कांवड़ यात्री मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts