25 हजार का इनामी लुटेरा गिरफ्तार, छह महीने से था फरार

मेरठ/मवाना। मवाना पुलिस ने लूट के मामले में छह महीने से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी जोनी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मंगलवार को उसे सैदीपुर रजवाहे के पास चेकिंग के दौरान पकड़ा। आरोपी से पूछताछ कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।

मामला 15 अप्रैल 2026 का है। गंगा ग्रीन सिटी, हस्तिनापुर रोड निवासी तनीष कुमार ने मवाना थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि तीन युवकों ने उनके पिता देवेंद्र कुमार पर लोहे की रॉड से हमला किया और उनकी बाइक तथा होटल के गल्ले में रखे करीब चार हजार रुपये लूटकर फरार हो गए।

विवेचना के दौरान पुलिस ने वारदात में अर्जुन, राजकुमार उर्फ राजू और जोनी के शामिल होने का दावा किया। अर्जुन और राजकुमार को पुलिस ने एक मई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि जोनी फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

चेकिंग के दौरान गिरफ्तारी

वांछित आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मवाना पुलिस सैदीपुर रजवाहे के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध युवक को रोककर पूछताछ की गई। उसकी पहचान जोनी पुत्र धर्मपाल निवासी अकबरपुर सादात, थाना बहसूमा, मेरठ के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार वह लूट के मुकदमे में वांछित और 25 हजार रुपये का इनामी आरोपी था।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक ब्रह्मकुमार त्रिपाठी, उपनिरीक्षक पवन कुमार, उपनिरीक्षक रजनेश कुमार और कांस्टेबल विमलेश कुमार शामिल रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts