‘2017 से पहले कांवड़ियों का होता था अपमान, अब सम्मान और सत्कार’: विनीत शारदा
बोले- मोदी-योगी सरकार ने सनातन की आस्था को दिया गौरव, कांवड़ सेवा शिविरों में पहुंचकर की शिवभक्तों की सेवा
मेरठ। भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता विनीत अग्रवाल शारदा ने शुक्रवार को मेरठ और आसपास के क्षेत्रों में आयोजित कई कांवड़ सेवा शिविरों में पहुंचकर शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा की और भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया।
शारदा हापुड़ अट्टा स्थित भगत सिंह मार्केट व्यापार संघ के कांवड़ सेवा शिविर, बेगमपुर में नितिन बालाजी के कांवड़ सेवा शिविर, मोदीपुरम-पल्लवपुरम में भाजपा नेता सुनील भराला के कांवड़ सेवा शिविर तथा वैश्य समाज मोदीपुरम-पल्लवपुरम के कांवड़ सेवा शिविर समेत कई स्थानों पर पहुंचे।
इस दौरान विनीत शारदा ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि करोड़ों सनातनियों की आस्था, तपस्या, श्रद्धा और भगवान शिव के प्रति अटूट समर्पण का विराट स्वरूप है।
उन्होंने दावा किया कि 2017 से पहले समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान कांवड़ियों के साथ कथित रूप से अपमानजनक व्यवहार किया जाता था, जबकि वर्तमान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कांवड़ियों का स्वागत, सम्मान और सत्कार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह बदलाव सरकार की सोच में आए परिवर्तन को दर्शाता है।
शारदा ने कहा कि यह केवल कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं में बदलाव नहीं, बल्कि सनातन आस्था को शासन स्तर पर मिले सम्मान का प्रतीक है। उनके अनुसार आज कांवड़िया निडर होकर ‘हर-हर महादेव’ का उद्घोष करते हुए गंगाजल लेकर अपने भोलेनाथ के धाम की ओर बढ़ रहा है और पूरा उत्तर प्रदेश शिवमय नजर आ रहा है।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम मर्यादा, भगवान श्रीकृष्ण धर्मनीति और भगवान शिव आस्था, तपस्या एवं त्याग के प्रतीक हैं। मां गंगा सनातन संस्कृति की जीवनधारा हैं। इसलिए सनातन की आस्था का सम्मान करना भारत की आत्मा का सम्मान करना है।
भाजपा नेता ने कहा कि मोदी-योगी सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि सनातन आस्था का अपमान स्वीकार नहीं किया जाएगा और शिवभक्त कांवड़ियों की श्रद्धा के साथ कोई समझौता नहीं होगा।
उन्होंने मेरठ और आसपास के क्षेत्रों में लगाए गए कांवड़ सेवा शिविरों को सेवा, समर्पण और सनातन संस्कारों की मिसाल बताया। कहा कि कांवड़ियों के लिए भोजन, जल, चिकित्सा और विश्राम की व्यवस्था करना केवल सामाजिक सेवा नहीं, बल्कि भगवान भोलेनाथ की सेवा है।
शारदा ने कहा कि सनातन हजारों वर्षों से भारत की आत्मा में प्रवाहित शक्ति है। उन्होंने कहा कि मां गंगा की धारा की तरह सनातन अविरल, भगवान शिव की तरह अडिग और श्रीराम की मर्यादा की तरह अटल है।
उन्होंने सभी कांवड़ सेवा शिविरों के आयोजकों, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और सेवाभावियों का आभार जताया। अंत में उन्होंने ‘हर-हर महादेव’, ‘जय श्रीराम’ और ‘जय श्रीकृष्ण’ का उद्घोष करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में सनातन की गौरवगाथा आगे बढ़ती रहेगी।


No comments:
Post a Comment