दिल्ली-रुड़की हाईवे पर हादसों में तीन कांवड़ियों की मौत, 17 घायल
डाक कांवड़ की रफ्तार के बीच 24 घंटे में कई हादसे, तेज गति और गलत दिशा बनी वजह
मेरठ। डाक कांवड़ की रफ्तार बढ़ने के साथ दिल्ली-रुड़की हाईवे पर हादसों का सिलसिला भी तेज हो गया है। शुक्रवार देर रात से शनिवार तक 24 घंटे में अलग-अलग सड़क हादसों में तीन कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि 17 घायल हो गए। हादसों में दो मृतकों की पहचान हो चुकी है, जबकि एक कांवड़िये की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
दौराला क्षेत्र के वलीदपुर गांव के पास शिवा ढाबे के सामने शुक्रवार देर रात हरियाणा के फरीदाबाद निवासी 21 वर्षीय साहिल बाइक से हरिद्वार जल लेने जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल साहिल को दौराला सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मोबाइल के जरिए उनके चचेरे भाई संदीप को सूचना दी और शव मोर्चरी भिजवा दिया।
इसी स्थान पर शनिवार सुबह दिल्ली के मुर्गा मार्केट निवासी 22 वर्षीय राज भी हादसे का शिकार हो गए। वह बाइक से हरिद्वार जा रहे थे। हादसे में उनकी मौत हो गई। वहीं एक अन्य स्थान पर बाइक फिसलने से घायल हुए कांवड़िये को सीएचसी दौराला ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
कई कांवड़िये वाहनों की टक्कर से घायल
दौराला स्थित पंडित ढाबे के सामने गाजियाबाद के विजयनगर निवासी विजय और कनौडा के पास बिहार के गया निवासी संजय वाहन की टक्कर से घायल हो गए। सिवाया टोल प्लाजा के पास भगवती कॉलेज के सामने दिल्ली के शालीमार बाग निवासी पैदल कांवड़ियों अमित और अजय को भी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।
दौराला के जियो पेट्रोल पंप के सामने दिल्ली के उत्तम नगर निवासी मनोज को वाहन ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। मटौर गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से हापुड़ के गिरधरपुर निवासी आशीष बाना घायल हुए। दादरी गांव के पास सड़क पार कर रहे दिल्ली के सैनिक विहार निवासी परमजीत को अज्ञात कार ने साइड मार दी। परमजीत हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौट रहे थे।
कनौडा गांव के सामने दिल्ली के करोलबाग निवासी कांवड़िये किशन को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। एटूजेड कट के पास दिल्ली के सलारपुर निवासी सगे भाइयों अभिषेक और मुन्नू भी वाहन की चपेट में आकर घायल हो गए। दोनों को सीएचसी ले जाया गया, जहां से मुन्नू को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
कांवड़िये को बचाने में तीन घायल
दौराला पुल पर एक कांवड़िये को बचाने के प्रयास में बाइक सवार गाजियाबाद निवासी राहुल, सोनू और पिंटू घायल हो गए। वहीं दौराला थाने के सामने गलत दिशा से आ रहे दो कांवड़ियों मनोज जाटव और पुनीत जाटव की सामने से आ रही बाइक से भिड़ंत हो गई। दोनों को नजदीकी अस्पताल में उपचार दिलाया गया।
तेज रफ्तार पर लगाम लगाने की कोशिश
लगातार हो रहे हादसों के बीच पुलिस दोपहिया वाहनों की गति कम कराने का प्रयास कर रही है। डाक कांवड़ के दौरान बड़ी संख्या में कांवड़िये तेज रफ्तार से हाईवे पर गुजर रहे हैं। पुलिस के सामने तेज गति, गलत दिशा में वाहन चलाने और अचानक सड़क पार करने जैसी चुनौतियां बनी हुई हैं।
दौराला इंस्पेक्टर सुमन कुमार सिंह ने बताया कि हादसों में मृत दो कांवड़ियों की पहचान हो चुकी है। एक मृतक और एक घायल की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।


No comments:
Post a Comment