केरल में भारी बारिश से तबाही, अबतक 15 की मौत
अलर्ट पर एनडीआरएफ और सेना के जवानतिरुवनंतपुरम (एजेंसी)।केरल में बारिश और बाढ़ का कहर लगातार जारी है। अब तक केरल में बारिश से जुड़ी घटनाओं में अब तक 15 लोगों की मौत हो गई है और सात लोग अभी भी लापता हैं। यह जानकारी मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने सोमवार को दी।
मुख्यमंत्री ने बारिश से जुड़ी घटनाओं में मारे गए लोगों के अंतिम संस्कार के लिए 10 हजार रुपये देने की घोषणा की है। साथ ही उन्होंने कृषि विभाग को कृषि भूमि को हुए नुकसान के लिए मुआवजे में संशोधन का प्रस्ताव पेश करने का निर्देश दिया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि कोट्टायम में 3 मौतें हुई हैं, जिनमें पूंजर विधानसभा क्षेत्र के 2 लोग और पानी की टंकी में गिरकर डूबा एक बच्चा शामिल हैं। वहीं एनार्कुलम में 2, कोल्लम में 2, मलप्पुरम में 4, कन्नूर में 1, कोझिकोड में 1, इडुक्की और मुवत्तुपुझा में 1-1 व्यक्ति की मौत हुई है।
लापता लोगों में कोल्लम और कन्नूर में 2-2, मलप्पुरम में 1 और इडुक्की व मुवत्तुपुझा में 1-1 व्यक्ति शामिल है
बाढ़ की स्थिति की समीक्षा के बाद सीएम ने बताया कि सोमवार सुबह 9 बजे तक राज्य में 316 राहत शिविर चल रहे थे, जिनमें बारिश और बाढ़ से विस्थापित 11,018 लोगों को आश्रय दिया गया है। उन्होंने कहा शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, लगभग 165 हेक्टेयर कृषि भूमि को नुकसान पहुंचा है, जिससे 3,596 किसान प्रभावित हुए हैं। अंतिम आकलन पूरा होने के बाद यह संख्या थोड़ी बढ़ सकती है।
सतीशन ने बताया कि भारी बारिश के बीच बाढ़ और भूस्खलन से जूझ रहे राज्य के पथानामथिट्टा, कोट्टायम और अन्य इलाकों में नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स और सुरक्षा बलों की टीमें तैनात की गई हैं।


No comments:
Post a Comment